Betul News: संगठन पर्व के बहाने हितानंद की जिले में लगातार दस्तक
Betul News: Hitanand continuously knocks in the district on the pretext of organization festival.

राजनैतिक गलियारे में निकाले जा रहे कई मायने, दिग्गजों से मिलने उनके घर भी पहुंचे
Betul News: बैतूल। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा प्राप्त भाजपा में इस समय संगठन पर्व के बहाने वैसे तो संगठन प्रभारी और अन्य नेताओं की आवाजाही लगी है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के बाद सबसे अधिक पावरफुल कहे जाने वाले संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के लगातार बैतूल प्रवास को लेकर राजनैतिक मायने में कई कयास लगाए जा रहे हैं। पिछले दो माह में वे करीब 4 से 5 मर्तबा बैतूल प्रवास पर आ चुके हैं। इनमें से अधिकांश मर्तबा वे जिला संगठन की नब्ज टटोलने और कार्यकर्ताओं में जान फूंकने का भी प्रयास कर चुके हैं। संगठन महामंत्री की जिले में बढ़ती सक्रियता और कार्यकर्ताओं को मोटिवेशन करने से संगठन पर्व में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन राजनैतिक सूत्र उनके लगातार बैतूल प्रवास को लेकर मायनों की तलाश कर रहा है।
भाजपा में अधिकांश संगठन महामंत्री संघ से भेजे जाने की परपाटी चली आ रही है। राजनैतिक सूत्र बताते हैं कि संगठन महामंत्री पद पर संघ के पदाधिकारी की नियुक्ति कहीं न कहीं सत्ता और संगठन के बीच समन्वय बनाने के लिए होते आ रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी कई राज्यों में देखने को मिले हैं। आरएसएस और भाजपा की जुगलबंदी का ही नतीजा है कि देश में कई राज्यों में उनकी सरकार मौजूद हैं और आरएसएस से भेजे गए संगठन महामंत्री इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह बात भी किसी से छिपी नहीं है कि संगठन की बैठकों में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बाद किसी का दबदबा और सुनी जाती है तो केवल संगठन महामंत्री की ही है। यही वजह है कि भाजपा में संगठन महामंत्री के पद को सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के पद जैसा पावरफुल देखा जा रहा है। प्रदेश में भी आरएसएस से आए हितानंद शर्मा को संगठन महामंत्री बनाया गया है। वैसे सुलझे हुए पदाधिकारी है, जिनके कामों की दिल्ली तक प्रशंसा होते आई है।
कार्यकर्ताओं में जोश भरने में माहिर है शर्मा
उनके बारे में कहा जाता है कि वे जिस भी जिले में दौरे के लिए पहुंचे हैं, पहले वहां का फीडबेक ले लिया करते हैं। जब शर्मा को मंच पर उद्बोधन के लिए बुलाया जाता है तो वे बिना रूके क्षेत्र के प्रमुख नेताओं का नाम फर्राटे से लेते हैं तो सभी हतप्रद रह जाते हैं। इसके बाद उनकी भाषण शैली का हर कोई कायल है। खासकर कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति निष्ठावान बनाने और उन्हें पार्टी के मूलमंत्र देने के लिए संगठन महामंत्री का कोई सानी नहीं है। इसी वजह जिस भी जिले में वे जाते हैं, उन्हें कार्यकर्ताओं का बहुत अधिक सम्मान मिल रहा है।

बैतूल में सक्रियता अचानक बढ़ी
पिछले 2-3 माह में संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा का बैतूल जिले में लगातार प्रवास के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। इनमें से 2 से 3 मर्तबा संगठन महापर्व के तहत जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चुके हैं। हर मर्तबा उनके कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का हुजूम देखते ही बनता था। तीन माह में 5 से 6 बार उनके आगमन से कार्यकर्ता भी संगठन के महापर्व को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बूथ समिति के सौ प्रतिशत काम करने को लेकर कार्यकर्ताओं को लगातार मार्गदर्शन दिया। इसी वजह जब भी वे बैतूल पहुंचे तो कार्यकर्ता उन्हें सुनने के लिए आतुर रहते हैं।
दिग्गजों के आवास पर भी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात
संगठन महापर्व में संगठन मंत्री शर्मा की व्यवस्ता किसी से छिपी नहीं है, लेकिन समय निकालकर वे जिले के दिग्गजों के घर पहुंचना भी नहीं भूले। कुछ माह पहले संगठन महापर्व के तहत बूथ समिति कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे तो बैतूल के दिग्गज नेताओं के यहां पहुंचकर स्वल्पहार ग्रहण किया। पिछले दिनों जब वे बैतूल आए तो उनका कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचने का कोई कार्यक्रम नहीं था। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र के विधान सभा से लौटकर वे बैतूल आ रहे थे, तब पहले जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार के निवास पर जा पहुंचे। यहां पवार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भोपाल लौटते समय वे संघ के काफी निकट रहने वाले और जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर के भारत भारती आवास पर भी जाना नहीं भूले। दोनों ही जगह उनका सत्कार हुआ। इसके अलावा वे कई अन्य भाजपा नेताओं के यहां भी पहुंचे थे।




