Betul News: भाजपा के राज में फल-फूल रहे कांग्रेस से आयातित नेता
Betul News: Imported leaders from Congress are flourishing under BJP rule

थपोड़ा में विधायक के करीबी खुलेआम कर रहे खनन, क्षेत्र के किसानों का दावा- विधायक के नाम की दे रहे धमकी
Betul News: बैतूल। भाजपा ने विधानसभा-लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के लिए टोली का गठन किया था। इस टोली ने भले ही पूरे प्रदेश में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कर लिया। अब प्रदेश में पार्टी की सत्ता होने के कारण यही तथाकथित कांग्रेसी अपने फायदें के लिए अवैध गतिविधियों में लिप्त हो गए हैं। बैतूल जिले के भैंसदेही में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस से भाजपा में आए एक युवा नेता अपने आप को विधायक का खास बताकर प्रतिबंधित मुरम का थपोड़ा के पास खुलेआम खनन कर रहे हैं।
इससे भाजपा की प्रतिष्ठा की मिट्टी पलीत हो रही है। दरअसल भाजपा नेता मनोज पोटे पर क्षेत्र के लोगों ने संगीन आरोप लगाते हुए अवैध उत्खनन के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं क्षेत्र के लोगों ने भी मनोज पोटे पर आरोप लगाते हुए विधायक का दबाव बनाने की बात कही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भैंसदेही ब्लाक के दूरस्थ और महाराष्ट्र की सीमा के करीब थपोड़ा ग्राम में भाजपा के तथाकथित नेता मनोज पोटे लगातार मुरम का अवैध खनन कर रहे हैं। वह अपने आप को विधायक महेंद्र सिंह चौहान का खास बताते आए हैं।
उन पर बकरा-बकरियों की तस्करी के भी संगीन आरोप लगे हैं। इसके बाद अवैध खनन करने के बाद वे भाजपा के लिए किरकिरी बनते जा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि थपोड़ा में हर दिन जेसीबी से दस से अधिक से डंपरों से मुरम खोदकर दूसरे स्थान पर डलवाईजा रही है। यह काम कांग्रेस से आए भाजपा में आए छुटभैया नेता मनोज पोटे करवा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि खुलेआम जेसीबी और डंपर थपोड़ा के पास अवैध खनन करते देखे जा रहे हैं, लेकिन अधिकारी भी पूरी तरह से चुप्पी साधे बैठे हैं।
बिना अनुमति के हो रहा खनन
बताया जाता है कि थपोड़ा में न तो खनिज विभाग और न ही भैंसदेही के एसडीएम और तहसीलदार ने खनन की अनुमति दी है। इसके बावजूद मनोज पोटे हर दिन थपोड़ा से खुलेआम अवैध मुरम का खनन कर रहे हैं। क्षेत्र के एक ग्रामीण का वायरल हो रहा वीडियो में दावा किया है कि मनोज पोटे और उसके कर्मचारी अवैध खत्खनन कर रहे हैं। हम लोग जब मना करते हैं तो धमकियां दी जाती है। ग्रामीण ने बताया कि हमको बताया जाता है कि वह विधायक महेंद्र सिंह चौहान के आदमी है, विधायक मेरा भाई है। लगातार दबाव बनाने से हम लोग कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रोजाना 7 से 10 डंपर मुरम का यहां से अवैध खनन कर निकाली जा रही है।
विधायक ने किया था दावा, सबूत मिलेंगे तो कार्रवाई करेंगे
इस पूरे मामले में भैंसदेही के विधायक महेंद्र सिंह चौहान भी तथाकथित भाजपा नेता को संरक्षण देकर विवादों में घिरते जा रहे हैं। दरअसल पूर्व में उन्होंने मनोज पोटे द्वारा अवैध उत्खनन और बकरा-बकरियों की तस्करी के मामले में कहा था कि यदि कोई सबूत हो तो तुरंत कार्रवाई करेंगे। अब अवैध उत्खनन के साथ बकरा-बकरियों की तस्करी में खुद मनोज पोटे का नाम सामने आया गया है। ऐसे में उनकी कथनी और करनी में अंतर दिखाई दे रहा है।
इस मामले में उनसे जब चर्चा की गई थी, तब उन्होंने कहा था कि अकेले मनोज पोटे ही नहीं और भी लोग अवैध उत्खनन कर रहे हैं। यानी वे खुद दावा कर रहे हैं कि मनोज पोटे के अलावा उनके ही विधानसभा क्षेत्र में अवैध उत्खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। अवैध उत्खनन के मामले में अधिकारियों पर उनका नियंत्रण नहीं है। यह बात भी उनके दावे से साफ हो गई है।
इनका कहना…
मनोज पोटे ही अकेले ही नहीं, बल्कि अन्य लोग भी अवैध उत्खनन कर रहे हैं। बकरा-बकरियों की तस्करी के मामले में उसे हिदायत दे चुके हैं।
महेंद्र सिंह चौहान, विधायक भैंसदेही




