कलेक्टर के निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी मंडी की अव्यवस्था
बारिश से शेड में भरा रहा पानी, साफ-सफाई व्यवस्था नहीं

बैतूल। कृषि उपज मंडी की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। गत दिनों कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद भी मंडी की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया है। अव्यवस्थाओं के कारण आए दिनों किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मंडी शेड में बारिश का पानी भरा रहा है, जिससे किसानों की उपज गिली हो जाती है। शेड में पानी भरने और गिला होने से किसानों को उपज डालने के लिए जगह तक नहीं मिल पाती है। कई बार उपज गिली होने से किसानों को नुकसान भी उठाना पड़ता है। उपज गिली होने पर किसानों को अच्छे दाम नहीं मिलते। बारिश की बौंछार से मंडी के कई शेड में पानी भरा जाता है। किसानों को उपज डालने के लिए जगह तक नहीं मिलती। किसान पॉलीथिन से उपज ढककर उपज को भीगने से बचाते है। बारिश हो या फिर गर्मी सभी मौसम में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मंडी प्रबंधन किसानों की समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है।
पाईप लाईन का काम भी अधूरा
गत दिनों कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पानी की पाईप लाईन के काम को गुणवत्तापूर्वक जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देशों का मंडी सचिव द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर के निरीक्षण के बाद भी मंडी परिसर में पाईप लाईन का काम अधूरा पड़ा है। पाईप लाईन बिछाने के लिए मंडी परिसर में खुदाई की गई। खुदाई के बाद नाली को वैसे ही छोड़ दिया है। ऐसे में हादसा होने का भी खतरा बना रहता है। कई दिनों से पाईप लाईन बिछाने के लिए नाली की खुदाई की, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका।
मंडी में साफ-सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं
मंडी परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। मंडी परिसर की गंदगी देख कलेक्टर मंडी सचिव पर भड़क गए थे और साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी मंडी में पर्याप्त साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं हो रही है। जगह-जगह कचरा पड़ा रहता है। गंदगी के कारण मंडी परिसर में बदबू चलते रहती है। बदबू के कारण किसान भी परेशान होते रहते है। मंडी परिसर में व्यवस्थाओं को लेकर लाखों रूपए खर्च किए जाते है, इसके बावजूद भी नतीजा कुछ नहीं निकलता। मंडी की अव्यवस्थाओं को लेकर मंडी सचिव शीला खातरकर से उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।



