Betul Ki Khabar: जिनके जिम्मे अस्पताल की देखरेख, वही ड्यूटी से गायब
Betul Ki Khabar: Those who are responsible for the care of the hospital are missing from duty

शासन ने सहायक प्रबंधक की नियुक्ति की, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं
Betul Ki Khabar: बैतूल। राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने हर जिला चिकित्सालय की देखरेख के लिए एक सहायक प्रबंधक की नियुक्ति की है। इनके जिम्मे अस्पताल की साफ सफाई समेत देखरेख और इलेक्ट्रिक आडिट फुड सेफ्टी आडिट, बायोमेडिकल वेस्ट सर्टिफिकेशन समेत अन्य जिम्मेदारियां, लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ सहायक प्रबंधक शिवेंद्र अंबुलकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। कई दिनों तक वे अस्पताल ही नहीं पहुंच रहे हैं, इससे व्यवस्थाएं लड़खड़ा रही है।
राज्य शासन द्वारा जिला चिकित्सालय में सहायक प्रबंधक के रूप में अंबुलकर को नियुक्त किया गया है। राज्य शासन ने इन्हें सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 5 से 6 बजे तक अस्पताल में रहकर अस्पताल में संचालित समस्त गतिविधियों की निगरानी करने और समीक्षा के निर्देश दिए हैं। दैनिक निरीक्षण की जानकारी अलग से रजिस्टर में अद्यदितित कर नियमित रूप से शासन को अवगत कराना है। अस्पताल में पाई गई कमियों को तत्काल सुधारने और मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को भी देखना है।
शासन के आदेश हवा में
राज्य शासन ने नियमित रूप से अस्पताल के निरीक्षण के लिए सहायक प्रबंधक की नियुक्ति तो कर दी है, लेकिन बैतूल में हालात दूसरे हैं। कई दिनों तक सहायक प्रबंधक व्यवस्थाओं का जायजा लेने अस्पताल नहीं पहुंचते हैं। सूत्रों ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह गंदगी बजबजा रही है। कई संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन सहायक प्रबंधक के अस्पताल न पहुंचने के कारण व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई है।
कहा जा रहा है कि अभी वे मेडिकल अवकाश पर है, लेकिन अवकाश के पहले भी वे नियमित रूप से जिला अस्पताल में आकर अपने दायित्वों का निर्वाहन नहीं कर रहे हैं, जबकि सहायक प्रबंधक को राज्य शासन ने सिविल सर्जन के बाद सबसे अधिक अधिकार दे रखे हैं। इसके बावजूद उनका लगातार गायब रहना जिला अस्पताल में मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए जिम्मेदार कहा जा सकता है। इससे पहले भी उनके अस्पताल में नहीं आने का मामला सामने आया था, लेकिन संबंधित अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। मामले की शिकायत अब स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को सबूत के साथ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इनका कहना….
सहायक प्रबंधक की नियुक्ति राज्य शासन ने की है। उनका कार्यक्षेत्र पूरा जिला अस्पताल है। अभी वे मेडिकल अवकाश पर है, लेकिन नियमित रूप से नहीं आने की शिकायत मिलती है तो वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
डॉ अशोक बारंगा, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल





