मंत्री बनने के बाद शनिवार पहली बार बैतूल आएंगे डीडी
भाजपा ने ऐतिहासिक स्वागत के लिए तैयारियां शुरू की

बैतूल। मोदी सरकार में आदिवासी मामलों के राज्यमंत्री बनाए गए स्थानीय सांसद दुर्गादास उइके शनिवार को पहली मर्तबा बैतूल आ रहे हैं। हालांकि उनके दौरे की अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कहा जा रहा है कि शनिवार और रविवार अवकाश रहता है, इसलिए वे दो दिनों के लिए मंत्री बनने के बाद अपने गृह नगर आएंगे। वैसे केंद्रीय मंत्री उइके का कार्यक्रम अभी तय नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मुलताई प्रवास पर आ रहे हैं। संभावना यह भी दिख रही है कि नवनियुक्त मंत्री कल भी बैतूल आ सकते हैं।
हालांकि उनका दौरा कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा ने केंद्रीय मंत्री के स्वागत की ऐतिहासिक तैयारियां शुरू कर दी है। स्टेशन से लेकर पूरे शहर में जुलूस के रूप में मंत्री का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। वैसे कल मुख्यमंत्री के आने के कारण भाजपा के सभी पदाधिकारी मुलताई में व्यस्त रहेंगे, इसलिए संभावना है कि केंद्रीय मंत्री शनिवार को दक्षिण एक्सप्रेस से बैतूल आएंगे।
स्टेशन से ही उनका ऐतिहासिक जुलूस निकाला जाएगा। खुली जीप में सवार होकर नवनियुक्त मंत्री शहर में लोगों का अभिवादन करेंगे। इसी दिन भाजपा कार्यालय में वे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य शुक्ला ने बताया कि नवनियुक्त मंत्री शुक्रवार या शनिवार आ सकते हैं, उनके स्वागत की ऐतिहासिक तैयारियां की जा रही हैं। पूरे शहर को फ्लैक्स और स्वागत द्वारा से पाट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में किसी सांसद को मौका मिला है, इसलिए स्वागत में कोई कमी नहीं रहेगी।




