सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ करें एफआईआर
नपा पहुंचे कलेक्टर ने अधूरे पड़े कार्य को देखकर एसडीएम को दिए निर्देश

मुलताई। नगर पालिका कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अधूरे कार्य को देखने के बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने एसडीएम तृप्ति पटेरिया को निर्माण कार्यों की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
सोमवार दोपहर में कलेक्टर आगामी 14 जून को मुख्यमंत्री मोहन यादव के पवित्र नगरी के संभावित दौरे को लेकर मुलताई पहुंचे थे। शाम में कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उसके बाद नपा कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के अधूरे निर्माण कार्य की जांच करने के निर्देश एसडीएम को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन,तहसीलदार अनामिका सिंह, थाना प्रभारी राजेश सातनकर, पीडब्लूडी एसडीओ राजेश राय, बिजली कंपनी के अधिकारी नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, सभापति अजय यादव,रितेश विश्वकर्मा,महेंद्र जैन भाजपा नेता मनीष माथनकर,डीके कालभोर, उपस्थित थे।
गौरतलब है कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम बीते एक साल से अधिक समय से बंद पड़ा है। नपा ने केवल ठेकेदार को काम प्रारंभ करने के लिए नोटिस दिए हैं। ठेकेदार ने नगर के आवासीय क्षेत्र में जगह-जगह गंदे पानी की निकासी के लिए सीसी रोड खुदाई कर पाइप डाल दिए हैं। लेकिन रोड की मरम्मत नहीं की है इस स्थिति में नागरिकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। नोटिस के बावजूद ठेकेदार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का पूर्ण निर्माण करने के प्रति लापरवाह बना हुआ है। वही पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़को की मरम्मत कराने के लिए भी गंभीरता नहीं बरत रहा है। जिसके चलते वर्तमान में सीवरेज लाइन की सौगात नगर वासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
आमसभा और हेलीपैड स्थल का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्रीसूर्यवंशी ने मुख्यमंत्री की आमसभा स्थल,हेलीपैड को लेकर स्थल निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मासोद रोड पर हेलीपैड निर्माण के लिए और सीएम राइज स्कूल के खेल मैदान पर आम सभा के लिए स्थल का निरीक्षण किया। वही नमामि गंगे अभियान के तहत ताप्ती सरोवर के तट पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए ।



