Betul Loksabha Voting Counting : कल सुबह होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, दोपहर तक निकल जाएगा विजयी जुलूस
जेएच कालेज के मतगणना केंद्र में 2 हजार कर्मचारी कराएंगे वोटों की गिनती, सुरक्षा के भी तगड़े बन्दोबस्त

Betul Lok Sabha Voting Counting – बैतूल। लोकसभा चुनाव के सातों चरण सम्पन्न होने के बाद कल 4 जून को ईवीएम मशीनें प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया के मार्गदर्शन में मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जेएच कालेज में कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशासनिक अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम से निकाली जाएगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जानी है।

मतगणना को लेकर सुरक्षा के भी तगड़े बन्दोबस्त किए गए हैं। मतगणना स्थल के अंदर और बाहर लगभग 5 सैकड़ा सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान किसी भी अवांछित व्यक्ति को बिना अनुमति के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। मतगणना में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी को परिचय पत्र आवंटित किए गए हैं, ताकि कर्मचारियों की आसानी से पहचान की जा सके। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से जेएच कालेज के सामने का रास्ता आवागमन के लिए बन्द रखा जाएगा। परशुराम चौक और एलआईसी के सामने बेरिकेट लगाकर रास्ता बंद कराया जाएगा। यहां पर किसी की आवाजाही ना हो सके, इसके लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
मतगणना कार्य मे 2 हजार कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी
मिली जानकारी के मुताबिक बैतूल-हरदा-हरसूद लोकसभा में आने वाली जिले की 5 विधानसभाओं में डले वोटों की गिनती के लिए कुल 2 हजार सरकारी कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही हैं। इनमे 1 हजार से लेकर 15 सौ कर्मचारी केवल मतगणना स्थल पर ही मौजूद रहेंगे। यहां कुछ कर्मचारियों को रिजर्व में भी रखा गया है। इन्हें आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व कर्मचारियो की तत्काल सेवा ली जा सके। एएसपी कमला जोशी ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना स्थल पर लगभग 420 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। जो मतगणना स्थल के अंदर और बाहर ड्यूटी करेंगे। पुलिस विभाग द्वारा भी 50 पुलिस कर्मियों को रिजर्व में भी रखा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पचमढ़ी से 15 पुलिस कर्मियों का बल बैतूल पहुंचा है।
तीन तरफ के रास्तों पर रहेगी तगड़ी बेरिकेटिंग
मतगणना के दौरान जेएच कालेज के सामने का रास्ता रात्रि में ही बन्द कर दिया जाएगा। परशुराम चौक और एलआईसी कार्यालय के सामने बेरिकेट्स लगाए जाएंगे। कोठी बाजार से गंज जाने के लिए लोगों को शिवाजी चौक के रास्ते जाना पड़ेगा। तो वहीं गंज से कोठीबाजार आने जाने के लिए भी यही रास्ता तय किया गया है। मतगणना परिसर में केवल सरकारी वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। आम लोगों को पार्किंग के लिए जे एच कालेज के सामने बने प्रोफेसर कॉलोनी के समीप जगह दी गयी है। मतगणना स्थल से प्रत्येक राउंड खत्म होने के बाद माइक से घोषणा की जाएगी कि किस प्रत्याशी को किस विधान सभा से कितने वोट मिले हैं।
सोमवार कलेक्टर-एसपी ने की रिहर्सल – Betul Loksabha Voting Counting
मतगणना को देखते हुए सोमवार कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झारिया और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने जेएच कालेज पहुंचकर फाइनल तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को कलेक्टर ने बारिकी से मतगणना का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना का काम पूरा किया जाए। एसपी ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस महकमे के जिम्मेदारों को किसी भी तरह से चूक न करने की हिदायत दी।
117 टेबलों पर होगी 5 विधानसभाओं के वोटों की गिनती – Betul Loksabha Voting Counting
शहर के जेएच कॉलेज में जिले की पांच विधानसभाओं की मतगणना होनी है। मतगणना के लिए एक विधानसभा के लिए दो कमरे आवंटित किए हैं। आमला विधानसभा की मतगणना 13 राउंड में होगी। इसके परिणाम सबसे पहले आ जाएंगे, वहीं घोड़ाडोंगरी विधानसभा की मतगणना 15 से अधिक राउंड में होगी। सबसे देरी से इस विधानसभा के परिणाम आएंगे। सबसे पहले डाक मत पत्रों की मतगणना की जाएगी। इसके बाद ईवीएम की गणना शुरु होगी। जेएच कॉलेज में एक विधानसभा के लिए दो-दो कमरे आवंटित किए हैं यानि पांच विधानसभा की मतगणना 10 कमरों में होगी।
घोड़ाडोंगरी विधानसभा के 365 मतदान केंद्रों की मतगणना 26 टेबिलों पर होगी। जबकि मुलताई, आमला और बैतूल विधानसभा की मतगणना 22-22 टेबिल पर की जाएगी। भैंसदेही विधानसभा की मतगणना के लिए 25 टेबिल लगाए है। सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरु होगी, जो देर शाम तक चलेगी। इस दौरान आमला विधानसभा की मतगणना सबसे पहले होगी। आमला विधानसभा के लिए साढ़े 13 राउंड होंगे। वहीं घोड़ाडोंगरी विधानसभा की मतगणना साढ़े 15 राउंड में पूरी होगी। सबसे देरी से इसी विधानसभा के परिणाम आएंगे। बैतूल विधानसभा की मतगणना 14 और मुलताई विधानसभा की मतगणना 14 राउंड में पूरी होगी। भैंसदेही विधानसभा की मतगणना 14 राउंड में होगी।




