जब्ती के बाद गायब की गई पोकलेन मशीन धपाड़ा से बरामद
पुलिस ने मशीन संचालक और ड्राइवर को पकड़ा, जेल भेजा

बैतूल। पिछले दिनों कलेक्टर द्वारा रेत माफियाओं के खिलाफ की गई कार्यवाही के दौरान गायब हुई पोकलेन मशीन शाहपुर पुलिस ने ग्राम धपाड़ा से जब्त कर ली है। पुलिस ने इस मामले में मशीन मालिक सहित एक अन्य के खिलाफ धारा 279 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कार्यवाही के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मौके से पोकलेन मशीन जब्त की थी, लेकिन जब्ती के दौरान यह मशीन माफियाओं के इशारे पर गायब कर दी गई, इसके बाद पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया था। पुलिस सरगर्मी से मशीन की तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मशीन को ग्राम धपाड़ा में छुपकर रखा गया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस रात्रि 1.30 बजे ठिकाने पर पहुंची, जहां पोकलेन मशीन खड़ी हुई थी। पुलिस बल ने जब मशीन की जांच की तो यह वहीं मशीन निकली, जिसकी जब्ती बनाई थी।
पुलिस ने मशीन पुन: जब्त कर आरोपी मशीन मालिक रवि पिता जीतमल मीणा निवासी भोपाल और चालक संजय पिता लखपत पटेल निवासी सीधी को गिरफ्तार कर लिया । दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले को लेकर एसडीओपी शाहपुर मयंक तिवारी से संपर्क किया गया लेकिन उनका मोबाइल लगातार व्यवस्त आ रहा था तो वहीं टीआई इवनाती का मोबाइल भी आउट ऑफ कवरेज बता रहा था।




