जिले के 1581 बूथों के लिए मतदान दल की रवानगी
कल सुबह 7 बजे से लोकसभा चुनाव के लिए डलेगी वोटों की आहुति, 18 लाख 86 हजार मतदाता करेंगे मतदान

Betul loksabha voters बैतूल। लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए कल मंगलवार बैतूल -हरदा- हरसूद लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान होगा। लोकसभा क्षेत्र में शामिल 8 विधानसभाओं के लगभग 18 लाख 86 हजार मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर नई सरकार के गठन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिले की पांच विधानसभाओं के 1581 बूथों पर मतदान कराने के लिए मतदान दलों को सोमवार को बूथों के लिए रवाना कर दिया गया है।
बैतूल विधानसभा के लिए मतदान दलों को जेएच कालेज से चुनावा सामग्री देकर रवाना किया गया। इसके अलावा मुलताई विस के लिए केंद्रीय विद्यालय, आमला में अंबेडकर कालेज, शाहपुर में एक्सीलेंस स्कूल, भैंसदेही में कन्या स्कूल से मतदान दल सामग्री लेकर रवाना हुआ। मतदान दल के साथ सुरक्षाकर्मी भी बसों में मतदान स्थल के लिए रवाना हुए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच कल मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू कर दिया जाएगा जो शाम 6 बजे तक चलेगा। जिले में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके इसके लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिले के अलावा बाहर से भी पुलिस बल बैतूल बुलवाया गया है।

मतदान केन्द्रों पर शुद्ध पेयजल, व्हीलचेयर्स, शेड एवं मेडिकल किट रहेगी उपलब्ध
लोकसभा निर्वाचन निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी तरीके से हो सके इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाताओं के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध कराई गई है। सभी 1581 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए मेडिकल किट जिसमें प्राथमिक उपचार के लिए दवाएं, ओआरएस पाउडर के अलावा शुद्ध पेयजल, शौचालय, पंखे, शेड आदि व्यवस्था की है। कलेक्टर सूर्यवंशी ने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्था के बारे में जानकारी लेकर मतदाताओं को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

33 हजार 309 युवा मतदाता करेंगे पहली बार मतदान
लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत बैतूल जिले की पांच विधानसभाओं में 1581 मतदान केन्द्र बनाए है। जिले में 6 लाख 26 हजार 774 पुरुष मतदाता, 6 लाख 9 हजार516 महिला मतदाता, एवं 25 अन्य मतदाता सहित कुल 12 लाख 36 हजार 315 मतदाता है। इनमे 18-19 आयु के 33 हजार 309 युवा मतदाताओं द्वारा पहली बार अपने मत का प्रयोग किया जाएगा, इसके अलावा जिले में 2449 सेवा मतदाताओं के द्वारा ईटीपीबीएस के माध्यम से अपने मत का प्रयोग किया जाएगा।
मतदान स्थल पर उपलब्ध रहेगी तमाम सुविधाएं
मतदान के लिए जिले के समस्त मतदान केन्द्रो पर मूलभूत आवश्यक सुविधाएं निर्वाचन द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं, इसमें रैम्प, पानी, बिजली, महिला पुरुष शौचालय, छाया के लिए टेंट, शीतल जल, कुर्सी पंखे समेत विभिन्न प्रकार की आवश्यक दवाइयों और मेडिकल किट की व्यवस्था की गई है। मतदान केन्द्र से 100-200 मीटर की दूरी तक राजनीतिक दलों के नेताओं सहित भीड़भाड़ ना होने की व्यवस्था बनाई हैं। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के आवागमन के लिये वाहन की व्यवस्था भी की गई है, जो मतदाता को उनके घर से मतदान केन्द्र तक लाने-जाने के लिये उपयोग किया जाएगा।
बाहरी फोर्स संभालेंगी व्यवस्था, हर जगह वीडियोग्राफी होगी
संपूर्ण जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। जिसके अंतर्गत 5590 पुलिस बल का नियुक्ति की गई है। जिसमें सीआरपीएफ दो यूनिट, आईटीबीपी एक यूनिट, मेघालय स्पेशल आर्म फोर्स एक यूनिट, म.प्र. स्पेशल आर्म फोर्स चार यूनिट तथा अन्य जिलों से आया पुलिस बल तैनात किया गया है।
मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए कंट्रोल रूम 1950 संचालित किया गया है। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव हेतु आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है तथा जिले के 1095 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग एवं 129 सीसीटीव्ही कैमरे तथा 45 वीडियोग्राफी के माध्यम से सतत् निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी एवं वेबकास्टिंग के माध्यम से 74 शेडो एरिया एवं 424 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर सतत निगरानी करने की व्यवस्था की गई है।




