Betul Bjp News : स्थापना दिवस पर कांग्रेसियों की फौज भाजपा में; लोस चुनाव के पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका, कई दिग्गजों ने थामा भाजपा का हाथ
Betul Bjp News : Congress's army joins BJP on Foundation Day; Big blow to Congress before Lok Sabha elections, many veterans join hands with BJP

Betul Bjp News : बैतूल। स्थापना दिवस पर अपना कुनबा बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित भाजपा इतिहास रचने के लिए तैयार है। बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला की सफल रणनीति का ही असर है कि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया हैं।
भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दो दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में उनके भाई रक्कू शर्मा सहित लगभग 300 समर्थकों ने भाजपा में अपना प्रवेश सुनिश्चित कराया है।

इधर कांग्रेस के पूर्व विधायक निलय डागा के कट्टर समर्थक माने जाने वाले कांग्रेस नेता एवं पेशे से कालोनाइजर मनीष ठाकुर ने भी भाजपा पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। जिला मुख्यालय से सटे बैतूल बाजार निवासी एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता पंडित नरेंद्र शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में चले गए हैं। जिला पंचायत सदस्य हितेश निरापुरे एवं कमल किशोर नागले ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया। ऐन चुनाव के पहले कांग्रेस के लिए ये किसी बड़े झटके से कम नहीं है। उसके बाद भी कांग्रेस का कोई रिएक्शन सामने नहीं आना कहीं ना कहीं भाजपा को वाकओवर देने जैसा प्रतीत हो रहा है।
कांग्रेसियों ने थोक में ली भाजपा में एंट्री
भाजपा ने यह पहले ही तय कर लिया था कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश करने वाले नेताओं को भाजपा के स्थापना दिवस समारोह के दौरान पार्टी की सदस्यता दिलवाना है। दो दिन पूर्व जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा का कांग्रेस छोड़ भाजपा में प्रवेश चौकाने वाला रहा। इसके बाद आज स्थापना दिवस पर उनके भाई रककु शर्मा सहित लगभग 300 समर्थकों ने भाजपा का भगवा गमछा ओढ़कर कांग्रेस को अलविदा कह दिया। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी में एक बड़ा नाम कहलाने वाले बैतूल बाजार निवासी पंडित नरेंद्र शुक्ला ने भी अपने दर्जन भर से अधिक समर्थकों के साथ भाजपा में प्रवेश ले लिया।

श्री शुक्ला के साथ करीब आधा दर्जन अधिवक्ताओ ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इधर कभी निलय डागा के खासमखास माने जाने वाले कांग्रेस नेता एवं कॉलोनाइजर मनीष ठाकुर भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में चले गए। बताया जा रहा है कि कांग्रेसियों को भाजपा में प्रवेश दिलाने के लिए पार्टी ने पहले से बकायदा केम्पेन शुरू कर दिया था जिसका परिणाम है कि बड़ी संख्या में कांग्रेसियों का भाजपा में प्रवेश सम्भव हो पाया है।
इधर दोपहर बाद भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ले ली है। उधर शाहपुर जनपद में जनपद के पूर्व सदस्य ब्रजेश कवड़े, पूर्व सेक्टर अध्यक्ष कैलाश पाटनकर, जयसिंह ठाकुर ने भी कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर ली है। इस क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य भी पांच सौ कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल होने की खबर सामने आ रही है।
बहुत कठिन है डगर पनघट की – Betul Bjp News
ऐन लोकसभा चुनाव के पहले बड़े पैमाने पर कांग्रेसियों का भाजपा में प्रवेश कांग्रेस के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा। अलग-अलग गुटों में बंटी कांग्रेस के एकजुट नहीं होने से अब चुनाव में कांग्रेस की स्थिति वाकओवर देने जैसे हो चुकी है। ऐसे में लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम चुनाव कैसे जीत पाएंगे, यह बड़ा सवाल है।
मौजूदा हालातों में टेकाम के साथ केवल पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे और उनके समर्थक ही खड़े हुए हैं। जबकि टिकिट मिलने के तुरंत बाद से ही तीन पूर्व विधायकों और उनके समर्थकों ने रामू के नाम पर अपना विरोध दर्ज करवा दिया था और यह विरोध आज भी बरकरार है। यानी की चुनाव में कांग्रेस का असंतुष्ट खेमा भाजपा में न जाकर पूरी ताकत से यदि पर्दे के पीछे रहकर भी रामू का विरोध करें तो भी भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर पिछले चुनाव की अपेक्षा बढ़ सकता है।
दरअसल जिस तरह से कांग्रेसियों की फौज भाजपा में जा रही है। इससे कांग्रेसियों का मनोबल भी काफी गिर रहा है। अब केवल निष्ठावान कांग्रेसी ही पार्टी में बचे हैं।




