Today Betul News: एफसीआई की टीम दसों ब्लॉकों से लेकर गई उपज के सेम्पल
Today Betul News: FCI team took produce samples from ten blocks

जांच के बाद बताएंगे चमकविहीन गेहूं खरीदना है या नहीं
Today Betul News: बैतूल। समर्थन मूल्य में गेहूं खरीदी जारी है। इस बीच एफसीआई केन्द्र की टीम ने बैतूल पहुंचकर गेहूं खरीदी को लेकर जायजा लिया। एफसीआई की टीम ने जिले के सभी ब्लॉकों से उपज के सेम्पल लिए और सेम्पलों को अपने साथ लेकर गई है। सेम्पलों की जांच के बाद ही अधिकारी आदेश जारी करेंगे कि चमकविहीन उपज खरीदना है या नहीं या फिर कितना प्रतिशत चमकविहिन उपज खरीद सकते है। जिले में बेमौसम हुई बारिश के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई है। गेंहू, चना सहित अन्य फसलों की चमक फीकी पड़ गई।
किसानों को उपज के सही दाम नहीं मिल पा रहे है। समर्थन मूल्य खरीदी में अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए है कि चमकविहीन गेहूं को नहीं खरीदा जाएगा। उपज कितनी खराब हुई है, इसकी जानकारी के लिए बुधवार को एफसीआई की तीन सदस्यीय टीम बैतूल पहुंची। इस टीम ने जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी और खरीदी केन्द्रों के प्रभारियों से चर्चा की। टीम ने जिले के सभी दसों ब्लॉकों से दो-दो उपज के सेम्पल अपने साथ लेकर गई है।
अधिकारियों का कहना है कि एफसीआई की टीम अपने साथ लेकर गई उपज के सेम्पल की जांच करेगी। जांच के बाद एक दो दिन के भीतर निर्देश जारी करेगी कि चमकविहीन गेहूं की खरीदी करना है या नहीं या फिर कितने प्रतिशत चमकविहीन गेहंू को खरीद सकते है। एफसीआई टीम के आदेश के मुताबिक ही समर्थन मूल्य में गेहूं की खरीदी की जाएगी। हालांकि खरीदी के पहले से ही निर्देश जारी किए है कि एफक्यू क्वालिटी के गेहूं की ही खरीदी की जाए। जो किसान अच्छी क्वालिटी की उपज लाता है, उनसे तो खरीदी की जाएगी, लेकिन चमकविहीन गेहूं की खरीदी को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
अधिकतर क्षेत्रों में पानी से फसल प्रभावित
बैतूल जिले में गत दिनों गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। फसल कटाई के समय हुई बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसल बारिश से बिछ गई तो किसानों की कटी फसलें भीग गई। फसल गिली होने से उपज की चमक फीकी पड़ गई है। ऐसे में किसानों को उपज के दाम अच्छे से नहीं मिल रहे है। समर्थन मूल्य में भी चमकविहीन उपज के दाम अच्छे से नहीं मिल रहे है। अब एफसीआई की टीम बताएंगी कि किसानों से कितना प्रतिशत चमकविहीन गेहूं खरीदना है। अभी तो केवल अच्छी क्वालिटी का गेहूं ही खरीदा जा रहा है।
इनका कहना…
एफसीआई की टीम प्रत्येक ब्लॉक से उपज के दो सेम्पल अपने साथ लेकर गई है। अब सेम्पलों की जांच के बाद टीम आदेश जारी करेगी कि कितना प्रतिशत चमकविहीन गेहूं खरीदना है। आदेश के अनुसार ही समर्थन मूल्य में उपज की खरीदी नहीं होगी।
कृष्णा टेकाम, जिला आपूर्ति अधिकारी, बैतूल





