Betul News: चिरापाटला में पोस्टिंग, चिचोली में अटैचमेन्ट और बैतूल में सरकारी आवास पर कब्जा

Betul News: Posting in Chirapatla, attachment in Chicholi and occupation of government residence in Betul.

कोर्ट के आदेश के बावजूद स्वास्थ्यकर्मी मकान खाली करने में कर रहा लापरवाही

Betul News: स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नियम कायदों की धज्जियां उड़ाए जाने के साथ-साथ कोर्ट के फैसलों की अवहेलना करने से भी परहेज नहीं किया जा रहा। विभाग में चल रही मनमानी का एक ऐसा मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एक स्वास्थ्यकर्मी की पोस्टिंग चिरापाटला में है, कर्मचारी निवास बैतूल के सरकारी आवास में कर रहा है और उसका अटैचमेंट चिचोली किया गया है जो नियमों की अनदेखी है।

हद तो तब हो गई जब कब्जा किए सरकारी आवास को खाली कराए जाने के कोर्ट के आदेश को भी उक्त कर्मचारी ने मजाक बना दिया है। कोर्ट द्वारा दी गई मियाद खत्म होने के बाद भी कर्मचारी ने सरकारी आवास अभी तक खाली नहीं किया है । यह मामला सीधे कोर्ट की अवमानना को दर्शाता है। अब पूरे मामले में विभागीय अधिकारी नोटिस दिए जाने की तैयारी कर रहे हैं।

12 दिन बीते नहीं किया आवास खाली

दरअसल स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 अखिलेश मालवीय अपने राजनीतिक रसूख का बेजा इस्तेमाल किए जाने से बाज नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि उनकी मूल पदस्थापना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरापाटला में हैं, लेकिन चिचोली बीएमओ द्वारा उन्हें नियम विरुद्ध तरीके से चिचोली में अटैच कर रखा गया है। कर्मचारी अखिलेश मालवीय ने बैतूल जिला मुख्यालय पर भी लम्बे समय से सरकारी आवास पर कब्जा कर रखा है।

इसी मामले को लेकर हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान अखिलेश मालवी ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखते बच्चों की परीक्षाओं का हवाला दिया था। कोर्ट ने भी मानवीय आधार पर निर्णय देते आदेश किया था कि 15 मार्च तक परीक्षाएं खत्म हो जाएगी।

16 मार्च को सरकारी आवास स्वत: खाली कर दिया जाए। कोर्ट ने विभाग को भी निर्देशित किया था कि यदि दी गई समय सीमा पर आवास खाली नहीं किया जाता है तो बेदखली के कठोर उपाय किए जाएं, लेकिन 12 दिन बीत जाने के बाद आज भी अखिलेश मालवीय सरकारी आवास पर कब्जा जमाए बैठा हुआ है और कोर्ट के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए अवमानना का दोषी भी सिद्ध हो रहा है। बताया जा रहा है कि उक्त कर्मचारी विभाग के ही किसी रिश्वत मामले में सहभागी भी रह चुका है।

कर्मचारी को मिल रहा लोकल नेताओं का वरदहस्त

स्वास्थ्य कर्मचारी के विषय मे बताया जा रहा है कि उसे क्षेत्र के ही कुछ भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों का वरदहस्त भी प्राप्त हो रहा है। इसके चलते सरकारी नियम कायदे और कानून भी दरकिनार कर दिए गए हैं। नियम विरुद्ध तरीके से कर्मचारी अखिलेश मालवीय ने अपने राजनीतिक आकाओं के पावर से अपना अटैचमेंट चिचोली करवा रखा है। जबकि इसका वेतन मूल पदस्थापना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरापाटला से निकल रहा है।

नियम ये भी हैं कि कर्मचारी को अपनी मूल पदस्थापना पर ही निवास करना है लेकिन उक्त कर्मचारी जिला मुख्यालय पर सरकारी आवास पर कब्जा किये बैठा है। और जिला मुख्यालय से ही रोज आना जाना कर रहा है। इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारी भी कार्यवाही करने में असहाय नजर आ रहे हैं। अधिकारी भी मान रहे हैं कि कर्मचारी कोर्ट के आदेशों की अवमानना कर रहा है और उसका अटैचमेंट भी नियम विरुद्ध है लेकिन बावजूद इसके विभाग कड़ी कार्यवाही नहीं कर पा रहा है।

इनका कहना….

कर्मचारी द्वारा अभी तक आवास खाली नहीं किया गया है। जो कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की श्रेणी में आता है। उक्त कर्मचारी को नोटिस दिया जा रहा है।

डॉ रविकांत उइके, सीएमएचओ बैतूल

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button