Today Betul News: शर्मनाक: अग्निवीर भर्ती की प्रैक्टिस वाली छात्राएं लघुशंका के लिए भटक रही
Today Betul News: Shameful: Girl students practicing for Agniveer recruitment are wandering for small doubts.

नपा अध्यक्ष-सीएमओ के निर्देश को स्वच्छता निरीक्षक ने रद्दी की टोकरी में डाला।…
Today Betul News:(बैतूल)। बैतूल नगरपालिका में किस तरह काम हो रहा है। इसका अंदाज लगाया जाना मुश्किल होते जा रहा हैं। कुल मिलाकर यह कहा जाए कि अधिकारी का अधीनस्थों पर नियंत्रण पूरी तरह खत्म होते जा रहा है। इसकी एक और बानगी देखने को मिली है। दरअसल पिछले दिनों अग्निवीर भर्ती के लिए स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाली आदिवासी छात्राओं को लघु शंका की सुविधा नहीं मिलने का मामला नपा अध्यक्ष और सीएमओ के समक्ष उठाया गया था, तब उन्होंने तत्काल स्वच्छता निरीक्षक संतोष धनोलिया को शौचालय की मरम्मत कर टंकी लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन यह आदेश रद्दी की टोकरी में डाल दिए गए। हद तो यह हो गई कि स्वच्छता निरीक्षक ने चार दिन पहले दावा किया था कि पानी की टंकी लग चुकी है, लेकिन सांझवीर की पड़ताल में तथ्य सामने आए है कि सोमवार तक लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के शौचालय बजबजा रहे थे और प्रैक्टिस करने वाली दर्जनों छात्राएं परेशान हो रही थी।
आज तक यहां टंकी लगी नहीं है और स्वच्छता निरीक्षक ने यहां पर टंकी लगाने का दावा कर दिया। जब मामला बढ़ा तो उन्होंने कह दिया कि जल शाखा के कर्मचारी भावेंद्र मालवीय द्वारा उन्हें टंकी लगाए जाने की जानकारी दी थी, लेकिन मालवीय ने साफतौर पर इंकार कर दिया कि उन्होंने स्वच्छता निरीक्षक को टंकी लगाने की जानकारी दी ही नहीं। यानी दो में से एक कर्मचारी झूठ बोल रहा है। नगरपालिका को शर्मनाक स्थिति में लाने वाले दो में से एक कर्मचारी पर अब नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ के आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई होना चाहिए।
यह है पूरा मामला

लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में इस समय करीब 70 से अधिक छात्र-छात्राएं अग्निवीर भर्ती की तैयारियां कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि मार्च-अप्रैल माह में इसकी परीक्षा आयोजित हो रही है। नगरपालिका ने स्टेडियम के बाहर आडिटोरियम के बाहर चलित शौचालय रखा है, इसका उपयोग पुरूष कर लेते हैं, लेकिन महिलाओं के शौच के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। पिछले दिनों छात्राओं ने अपनी पीड़ा मार्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों को बताई थी। टीम ने सांझवीर टाईम्स को छात्राओं की यह बात बताई तो नपा अध्यक्ष और सीएमओ को पीआईसी की बैठक में अवगत कराया था। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वच्छता निरीक्षक को पानी की टंकी लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक माह बाद भी यह आदेश हवा में उड़ गया।
यहां भी बदल गया पैतरा

नगरपालिका में काम के प्रति जिम्मेदार कितनी गंभीरता निभा रहे हैं, यहां भी देखने को मिल गया। चार दिन पहले तक स्वच्छता निरीक्षक शौचालय में टंकी लगाने की बात कर रहे थे, लेकिन सोमवार को सांझवीर की पड़ताल में स्पष्ट हो गया कि लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में न तो टंकी लगी है और न दरवाजे ठीक हुए है। यानी स्वच्छता निरीक्षक ने आदत के मुताबिक झूठ बोल दिया। दूसरी तरफ जल शाखा के कर्मचारी भावेंद्र मालवीय का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहना था कि स्वच्छता निरीक्षक को टंकी लगने की बात कही ही नहीं। नपा की इस गंभीर लापरवाही का नतीजा है कि स्टेडियम में आज भी अग्निवीर भर्ती की प्रैक्टिस करने वाली आदिवासी छात्राएं बजबजाते शौचालय में लघुशंका जाने को मजबूर है। सबसे बड़ी बात यह है कि नपा अध्यक्ष खुद महिला है और उन्होंने छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए तत्काल टंकी लगाने को कहा था, लेकिन लापरवाहों ने उनके निर्देशों को भी रद्दी की टोकरी में डाल दिया।
इनका कहना…
मैं इस संबंध में सीएमओ और स्वच्छता निरीक्षक से भी चर्चा कर वास्तविकता का पता करवाती हूं। यदि लापरवाही हुई है तो संबंधितों पर कार्रवाई होगी।
पार्वती बाई बारस्कर, अध्यक्ष नपा बैतूल।





