Betul News: Video: बडोरा में लगा महाजाम, एंबुलेंस भी फंसी; एक किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार

करीब एक घंटे तक थमे रहे वाहनों के पहिए, जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के छूटे पसीने, रोजाना की समस्या से लोग परेशान

Betul News: बैतूल। शहर के बडोरा क्षेत्र में जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। यहां आए दिन लगने वाले जाम से वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार दोपहर एक बार फिर बडोरा में भीषण जाम लग गया। हालात इतने बिगड़ गए कि बडोरा चौक से बैतूलबाजार मार्ग, आठनेर मार्ग और बैतूल शहर की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम का दायरा एक किलोमीटर से भी अधिक दूर तक पहुंच गया। इस दौरान मरीज को लेकर जिला अस्पताल जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। काफी देर तक एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका।

जाम में एंबुलेंस फंसने से मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने को लेकर भी चिंता की स्थिति बन गई। सूचना और हालात को देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की अधिकता के कारण उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

एंबुलेंस को भी नहीं मिला निकलने का रास्ता

शुक्रवार दोपहर बडोरा चौक पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते तीनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। बैतूलबाजार और आठनेर की ओर जाने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। वहीं बैतूल शहर की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान मरीज को लेकर जिला अस्पताल पहुंच रही एंबुलेंस जाम में फंस गई।

एंबुलेंस चालक ने निकलने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की लंबी कतार और सड़क पर जगह नहीं होने के कारण रास्ता नहीं मिल सका। काफी देर तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। आमतौर पर आपात स्थिति में एंबुलेंस को तत्काल रास्ता मिलना चाहिए, लेकिन बडोरा में लगे महाजाम ने आपातकालीन सेवाओं की राह भी रोक दी। इससे यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मंडी के बाहर खड़े वाहन बने जाम की वजह

जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में प्रवेश नहीं मिलने के कारण कई वाहन सड़क किनारे खड़े हुए थे। मंडी परिसर में उपज की आवक और वाहनों के दबाव के चलते बाहर भी अव्यवस्था बनी हुई थी। इसी बीच दो से तीन बड़े ट्रकों की एक साथ आवाजाही शुरू हो गई। सड़क पर पहले से खड़े वाहनों और बड़े ट्रकों के एक साथ निकलने के कारण आवागमन बाधित हो गया।

देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी बन गई कि छोटे वाहन भी आगे नहीं बढ़ सके। सड़क पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती गई और जाम एक किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैल गया।

रोजाना की समस्या से लोग हलाकान

बडोरा क्षेत्र में जाम की समस्या कोई नई नहीं है। यहां मंडी में उपज की आवक बढ़ने और बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन यातायात बाधित होता है। जाम लगने पर वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। खासकर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों को परेशानी उठानी पड़ती है। शुक्रवार को भी करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को वाहनों को व्यवस्थित करने और रास्ता खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी के बाहर खड़े वाहनों और भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किए बिना इस समस्या से स्थायी राहत मिलना मुश्किल है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button