Prashasnik Kona: प्रशासनिक कोना: किस विभाग में घर के भेदिये लंका ढा रहे??जाम से थानेदार ने कैसे दिलाई मुक्ति और पाई प्रशंसा??? किस अस्पताल में अपने को बचाने आखिरी दाव भी फेल हुआ???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम प्रशासनिक कोना में……

घर के भेदी ढा रहे लंका!
स्वास्थ्य से जुड़े एक विभाग में खुद को तीस मारखां साबित करने की होड़ अब तू डाल-डाल, मैं पात-पात वाली स्थिति में पहुंच गई है। पहले चर्चित तिकड़ी के बीच कामों की मलाई और अफसरों की नजर में नंबर बढ़ाने की प्रतिस्पर्धा थी, लेकिन अब समीकरण बदल गए हैं। अब तिकड़ी नई ने नए साहब का भरोसा जीतने के लिए कथित तौर पर कार्यालय की गोपनीय जानकारियां बाहर पहुंचाने का नया रास्ता पकड़ लिया है।
चर्चा है कि साहब के करीब रहकर मलाई खाने की चाहत में विभाग की अंदरूनी बातें ही बाहर परोसी जा रही हैं। नतीजा यह कि विभागीय कामकाज से ज्यादा किरकिरी विभाग की हो रही है। अब खबर इन करतूतों की जिले के एक प्रभावशाली जनप्रतिनिधि तक पहुंचने की भी है। ऐसे में तीनों की जिले से विदाई की चर्चाओं ने भी जोर पकड़ लिया है। साहब का भरोसा जीतने निकले ये खिलाड़ी कहीं अपनी ही पारी का विकेट न गंवा बैठें!
जाम की जड़ पर तैनाती, थानेदार ने बटोरी वाहवाही
पुलिस विभाग में तारीफ के मौके रोज-रोज नहीं आते, लेकिन जब कोई अधिकारी अपनी सूझबूझ से जनता को राहत दे जाए तो शाबाशी बनती है। हाल ही में मुख्यालय के एक टीआई ने ताप्ती तक निकलने वाली चुनरी यात्रा में ऐसी व्यवस्था जमाई कि आयोजन भी निर्विघ्न निपटा और स्टेट हाईवे पर जाम की नौबत भी नहीं आई। हर साल इस धार्मिक आयोजन के दौरान यातायात उलझने, वाहनों की कतार लगने और राहगीरों के परेशान होने का दृश्य आम रहता था।
इस बार टीआई साहब ने पुराने जाम वाले पॉइंट्स को पहले ही चिन्हित कर पुलिसकर्मियों की तैनाती ऐसी की कि भीड़ और ट्रैफिक दोनों का तालमेल बना रहा। नतीजा यह कि पहली बार चुनरी यात्रा के दौरान स्टेट हाईवे जाम से मुक्त रहा। कहने वाले तो यहां तक कह रहे हैं कि साहब ने सिर्फ ड्यूटी नहीं लगाई, जाम की संभावनाओं पर ही पहरा बैठा दिया। पुलिस की वर्दी में ऐसी व्यवस्थागत समझ ही असली काम की पहचान है।
अपने को बचाने का आखिरी दांव भी फेल!
जिले के एक प्रमुख सरकारी अस्पताल में कुर्सी संभाल रहे दो डॉक्टरों की मुश्किलें अब कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही हैं। चर्चा है कि अपनी कुर्सी बचाने और बिगड़ी व्यवस्थाओं पर पर्दा डालने के लिए दोनों ने हर संभव जुगत भिड़ाई, लेकिन इस बार दांव उल्टा पड़ गया। बीते दिनों अस्पताल की कार्यप्रणाली और कथित करतूतों को लेकर सत्तारूढ़ दल के एक प्रभावशाली जनप्रतिनिधि ने दोनों को तलब किया था। बताते हैं कि वहां न बहाने काम आए, न सफाई की चाशनी, जनप्रतिनिधि ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं और मरीजों को जरूरी सुविधाएं तक मुहैया नहीं करा पाने पर जमकर क्लास ली।
कुर्सी के रसूख में अब तक बेफिक्र नजर आने वाले दोनों डॉक्टरों के सामने जवाब देना भारी पड़ गया। गलियारों में अब अगली चर्चा तबादले की है। कहा जा रहा है कि मरीजों की परेशानी दूर करने में नाकाम रहने वाले इन जिम्मेदारों की रवानगी का फरमान कभी भी जारी हो सकता है। अब देखना यह है कि कुर्सी बचती है या जवाबदेही भारी पड़ती है!




