Betul ki Khabar: 25 करोड़ के कायाकल्प में पुराने भवनों की पुताई कर चमका रहे, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यह कैसा विकास?

नए निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को मिल रही पुरानी इमारतों की रंगाई-पुताई, प्लेटफार्म की उखड़ी टाइल्स और गंदगी से भी नहीं मिली निजात
Betul ki Khabar: बैतूल। रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैतूल रेलवे स्टेशन का करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से कायाकल्प किया जाना है।
योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने, नए स्ट्रक्चर तैयार करने और यात्री सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है, लेकिन बैतूल स्टेशन पर चल रहे काम की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। करोड़ों रुपए के बजट से स्टेशन की सूरत बदलने की उम्मीद के बीच वर्षों पुराने कार्यालयों को तोडक़र नए सिरे से बनाने के बजाय उनकी पुताई कर चमकाया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या रंग-रोगन से ही अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य पूरा हो जाएगा?

दो निर्माण कार्य भी अब तक अधूरे
स्टेशन पर अब तक प्रमुख रूप से टिकट काउंटर के सामने बड़े हॉल का निर्माण और फुट ओवरब्रिज का काम ही दिखाई दे रहा है। ये दोनों कार्य भी अभी पूरे नहीं हुए हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में बड़े स्तर पर बदलाव नजर नहीं आ रहा है। योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की गति भी काफी धीमी बताई जा रही है।
करोड़ों रुपए की लागत से स्टेशन को आधुनिक बनाने की योजना है, लेकिन वर्तमान स्थिति देखकर ऐसा नहीं लगता कि निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी दिखाई जा रही है। यदि यही रफ्तार रही तो यात्रियों को सुविधाओं के लिए अभी और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
वर्षों पुराने कार्यालयों की सिर्फ पुताई
बैतूल रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर से लेकर सामान्य यात्री प्रतीक्षालय, स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, सीनियर सेक्शन कार्यालय, यातायात निरीक्षक कार्यालय, आरक्षित श्रेणी महिला एवं पुरुष कार्यालय, वाणिज्य पर्यवेक्षक कार्यालय, कल्याण निरीक्षक कार्यालय, बुकिंग कार्यालय और टिकट निरीक्षक कार्यालय जैसी इमारतें कई वर्ष पुरानी हैं। इन भवनों की स्थिति भी अब पहले जैसी नहीं रही। बारिश के दिनों में कई जगह छतों से पानी टपकने की समस्या सामने आती है।
यात्रियों और कर्मचारियों को इन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अमृत भारत स्टेशन योजना से उम्मीद थी कि पुराने और जर्जर भवनों की जगह आधुनिक सुविधाओं वाले नए निर्माण होंगे, लेकिन यहां इन इमारतों को तोडक़र दोबारा बनाने के बजाय पुताई कर चमकाने का काम किया जा रहा है। बाहरी रंग-रोगन से भवन भले ही नए जैसे दिखाई देने लगें, लेकिन उनकी पुरानी समस्याएं जस की तस बनी रहेंगी। ऐसे में करोड़ों की योजना के तहत वास्तविक बदलाव कितना हो रहा है, यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्लेटफार्म की उखड़ी टाइल्स भी नहीं बदलीं
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर जगह-जगह टाइल्स टूट चुकी हैं और कई स्थानों पर उखड़ी हुई हैं। यात्रियों को आवागमन के दौरान परेशानी होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह स्थिति अधिक असुविधाजनक हो सकती है। स्टेशन के कायाकल्प के दौरान इन टाइल्स को नए सिरे से लगाया जाएगा या नहीं, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। करोड़ों रुपए की लागत से स्टेशन को आधुनिक बनाने की योजना के बीच प्लेटफार्म की बुनियादी सुविधाओं का यह हाल यात्रियों को निराश कर रहा है।
गंदगी से भी नहीं मिली यात्रियों को राहत
स्टेशन परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी भी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के दावों के बीच सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। समय-समय पर रेलवे के अधिकारी स्टेशन का निरीक्षण भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्यों की गति में तेजी नहीं आई और न ही स्टेशन की व्यवस्थाओं में कोई बड़ा बदलाव दिखाई दिया।
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य केवल स्टेशन की दीवारों को रंगना या पुराने भवनों को चमकाना नहीं, बल्कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन उपलब्ध कराना है। ऐसे में बैतूल स्टेशन पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता, गति और पुराने भवनों के भविष्य को लेकर रेलवे प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आखिर 25 करोड़ रुपए की योजना से बैतूल स्टेशन की वास्तविक तस्वीर कब बदलेगी?
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




