Betul Mandi News: कलेक्टर के आदेश भी बेअसर, मंडी में तुलाई के नाम पर किसानों की जेब पर डाका

निरीक्षण के बाद भी नहीं थमी अवैध वसूली, 40 कट्टी मक्का के 1590 और 20 कट्टी के 700 रुपए वसूले, पैसे नहीं देने पर तुलाई से इनकार
Betul Mandi News: बैतूल। दीपावली पर्व पर पांच दिन बाद खुली कृषि उपज मंडी में किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। यहां व्यवस्था सुधारने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निरीक्षण और सख्त निर्देश भी बेअसर साबित हो रहे हैं। तुलाई के नाम पर किसानों से की जा रही मनमानी वसूली पर अब तक रोक नहीं लग सकी है।
हालात यह हैं कि मंडी में अपनी उपज बेचने पहुंचने वाले किसानों को फसल की कीमत मिलने से पहले ही तुलाई के नाम पर मोटी रकम चुकानी पड़ रही है। दीपावली की पांच दिन की छुट्टियों के बाद बुधवार को मंडी में खरीदी शुरू हुई, लेकिन किसानों की जेब पर पड़ रही वसूली की मार में कोई कमी नहीं आई।
कलेक्टर ने पिछले दिनों मंडी का निरीक्षण कर तुलाई के नाम पर वसूली बंद कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मंडी में पुराने ढर्रे पर ही काम चल रहा है। ग्राम गेहूबारसा के एक किसान ने बताया कि 40 कट्टी मक्का की तुलाई के नाम पर उससे 1 हजार 590 रुपए वसूल किए गए।
वहीं साईंखेड़ा के किसान ने बताया कि 20 कट्टी मक्का की तुलाई के एवज में 700 रुपए देने पड़े। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसानों से किस तरह तुलाई के नाम पर रकम वसूली जा रही है।

पैसे दो, तभी होगी तुलाई
मंडी में तुलाई व्यवस्था किसानों के लिए मजबूरी का सौदा बन गई है। किसानों का आरोप है कि तुलाई करने वालों को उनकी मनमर्जी के मुताबिक रकम नहीं दी तो उपज तौलने से साफ इनकार कर दिया जाता है। किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचता है, लेकिन उसे तुलाई के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं।
विरोध करने पर उपज की तुलाई अटकने और अनावश्यक विवाद की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसान अपनी उपज की बिक्री प्रभावित होने के डर से चुपचाप मांगी गई रकम देने को मजबूर हैं। तुलाई के नाम पर हो रही इस मनमानी ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।
भुगतान रुकने के डर से मुंह खोलने को तैयार नहीं किसान
मंडी में वसूली का विरोध करना भी किसानों के लिए आसान नहीं है। किसान खुलकर अपनी शिकायत सामने रखने से डर रहे हैं। उन्हें आशंका है कि यदि उनका नाम सार्वजनिक हो गया तो उपज का भुगतान अटक सकता है या मंडी में आगे परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
यही वजह है कि कई किसान नाम उजागर किए बिना ही अपनी पीड़ा बता रहे हैं। जिस व्यवस्था में किसान को अपनी शिकायत करने से पहले भुगतान रुकने का डर सताए, वहां किसानों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पांच दिन की छुट्टी में भी नहीं हटे व्यापारियों के बोरे
मंडी में शेड की व्यवस्था भी बदहाल है। दीपावली की पांच दिन की छुट्टियों के बावजूद व्यापारियों ने शेड में रखे बोरों का उठाव नहीं किया। व्यापारियों के बोरे शेड में जमे होने के कारण नई उपज लेकर पहुंच रहे किसानों को अपनी फसल रखने के लिए जगह नहीं मिल रही है।
शेड किसानों की सुविधा के लिए हैं, लेकिन उन पर व्यापारियों का माल जमा होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। निरीक्षण हुआ, निर्देश दिए गए, लेकिन कार्रवाई कहां? कलेक्टर के निरीक्षण के बाद भी यदि तुलाई के नाम पर वसूली जारी है और शेड खाली नहीं हो रहे हैं तो मंडी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठते हैं।
केवल निरीक्षण और निर्देश जारी करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। किसानों की मांग है कि तुलाई के नाम पर वसूली की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए और शेड तत्काल खाली कराए जाएं। अन्यथा मंडी में किसानों के शोषण का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। मंडी की समस्या और वसूली के मामले में चर्चा करने मंडी सचिव सुरेश परते से संपर्क किया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नही किया।




