Train Timing Issue : चेन्नई एक्सप्रेस 14 घंटे, लखनऊ एक्सप्रेस 12 घंटे लेट
स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में परेशान होते रहे यात्री, कई यात्रियों ने कैंसिल कराया रिजर्वेशन

बैतूल। त्योहारी सीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। नागपुर से भोपाल की ओर जाने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें कई-कई घंटे देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के घंटों लेट होने के कारण बैतूल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। यात्री प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते रहे। लंबी देरी के चलते कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी और रिजर्वेशन तक कैंसिल करवाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नागपुर से भोपाल की ओर जाने वाली चेन्नई एक्सप्रेस सबसे अधिक 14 घंटे देरी से चल रही थी। वहीं लखनऊ एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस 12-12 घंटे, लालकुआं वीकली एक्सप्रेस 10 घंटे, धनबाद एक्सप्रेस 12 घंटे, जीटी एक्सप्रेस 6 घंटे और संघमित्रा एक्सप्रेस 9 घंटे की देरी से चल रही थी। इसके अलावा समस्तीपुर एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे लेट थी। सुबह आने वाली कई ट्रेनें शाम तक बैतूल पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी।
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली राहत
ट्रेनों की लंबी देरी से सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिन्हें जरूरी काम से सफर करना था। स्टेशन पर यात्री लगातार ट्रेन की स्थिति जानने के लिए पूछताछ करते रहे। परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को भी घंटों प्लेटफॉर्म पर बैठकर इंतजार करना पड़ा। त्योहारी सीजन में ट्रेनों की इस अव्यवस्था ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी।
भोपाल से नागपुर जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित
इधर भोपाल से नागपुर की ओर जाने वाली यशवंत एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस भी करीब एक-एक घंटे देरी से चल रही थीं। एक साथ कई ट्रेनों के प्रभावित होने से रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। ट्रेनों के घंटों लेट होने के पीछे क्या कारण है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यात्रियों को उम्मीद थी कि रेलवे समय पर ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करेगा, लेकिन लगातार हो रही देरी के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।




