Betul Samachar: नए एसपी की प्राथमिकताएं तय, क्या अब कसौटी पर होगी पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा! लंबित अपराधों की फाइलें अब नहीं रहेगी टेबल पर

बडोरा जाम से लेकर अपराध नियंत्रण तक सुधार के दावे, मुखबिर तंत्र मजबूत करने और जल्द गिरफ्तारी पर रहेगा जोर, दो दशक पुरानी यातायात व्यवस्था आज भी चुनौती
नए एसपी अमित सक्सेना ने संभाली जिले की कमान, पहली ही बैठक में थाना प्रभारियों को दो टूक निर्देश
Betul Samachar: बैतूल। जिले के नए पुलिस कप्तान अमित सक्सेना ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। अपराधों पर अंकुश, आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, अवैध शराब पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। हालांकि, इन दावों की असली परीक्षा तब होगी, जब पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव आम नागरिकों को धरातल पर नजर आएगा।
पत्रकारों के साथ आयोजित परिचयात्मक बैठक में एसपी अमित सक्सेना ने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जिले की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थाना और चौकियों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक सजग रहने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान रहेगा। इस काम में मीडिया का सहयोग भी लिया जाएगा।
अवैध शराब बिक्री और बडोरा जाम पर भी नजर
अवैध शराब के कारोबार को लेकर एसपी ने बताया कि थाना प्रभारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं, शहर की यातायात व्यवस्था और विशेष रूप से बडोरा में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की बात कही।
दो दशक बाद भी नहीं बदली शहर की तस्वीर
बैठक में पत्रकारों ने एसपी को उन तमाम समस्याओं और अव्यवस्थाओं से अवगत कराया, जिनकी शिकायतें पूर्व में भी पुलिस अधीक्षकों के सामने उठती रही हैं, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं। शहर की यातायात व्यवस्था इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। करीब दो दशक पहले शहर में जिस तरह यातायात संचालित होता था, आज भी व्यवस्था में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आता।
जबकि इस दौरान वाहनों की संख्या और ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ चुका है। इसके बावजूद यातायात पुलिस का बल और संसाधन अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ पाए हैं। ऐसे में बेहतर यातायात व्यवस्था का दावा धरातल पर दिखेगा , इसकी गुंजाइश कम ही नजर आ रही है। अब देखना यह होगा कि नए एसपी की प्राथमिकताएं केवल बैठकों और निर्देशों तक सीमित रहती हैं या फिर पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही से बैतूल की कानून व्यवस्था एवं यातायात की तस्वीर वास्तव में बदलती है।
जिले की पुलिस कमान संभालते ही नवागत पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना एक्शन मोड में नजर आए। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त एसडीओपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था का जायजा लिया।
बैठक में एसपी ने साफ कर दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने अवैध शराब, नकली शराब, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
दीपावली पर पटाखा दुकानों और विस्फोटक सामग्री पर नजर
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए एसपी ने पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण और बिक्री पर विशेष निगरानी रखने को कहा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित अपराधों की फाइलें अब नहीं रहेंगी ठंडे बस्ते में
एसपी ने थानों में लंबित गंभीर और पुराने अपराधों की समीक्षा करते हुए विवेचना में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर अपराधों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर भी लगातार नजर रखने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर भी सख्ती
जनशिकायतों को लेकर एसपी ने अधिकारियों को विशेष हिदायत दी। सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायतों का औपचारिक निराकरण नहीं, बल्कि फरियादी को संतुष्टिपूर्ण समाधान मिलना चाहिए।
अच्छे काम पर पुरस्कार, लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक में पुलिस अनुशासन और जवाबदेही पर भी एसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी। बेहतर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम सहित जिले के समस्त एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, विशेष शाखा प्रभारी और क्राइम सीन एक्सपर्ट मौजूद रहे। नवागत एसपी की पहली अपराध समीक्षा बैठक से पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश मिल गया है कि अब थानों में सिर्फ कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। अपराध नियंत्रण, अवैध कारोबार पर कार्रवाई और आमजन की शिकायतों का समाधान पुलिस की प्राथमिकता होगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




