Betul Mandi News: सांझवीर की खबर के बाद कलेक्टर ने मंडी पहुंचकर अधिकारियों को लगाई फटकार

तुलाई के नाम पर मनमानी करने वालों को कलेक्टर की दो टूक चेतावनी, शिकायत होगी तो होगी कार्रवाई

Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी में किसानों की मेहनत की कमाई पर तुलाई के नाम पर कथित वसूली का मामला आखिरकार प्रशासन की चौखट तक पहुंच गया। किसानों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायत को सांझवीर टाईम्स ने अपने गतांग में मंडी में अव्यवस्था और वसूली को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।

खबर का असर ऐसा हुआ कि सोमवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे खुद बड़ोरा कृषि उपज मंडी पहुंच गए। यहां उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं की पड़ताल की और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानी जानी। तुलाई के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायतों को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसानों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिली तो संबंधितों को बख्शा नहीं जाएगा। तुलाई के नाम पर किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी। किसानों की उपज की तुलाई निर्धारित शुल्क पर ही कराई जाए।

सवाल सिर्फ कुछ रुपयों की वसूली का नहीं, बल्कि उन किसानों की मेहनत का है, जो दिन-रात खेतों में पसीना बहाकर अपनी उपज मंडी तक लाते हैं और यहां उन्हें तुलाई के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ता है।

अब मंडी में चस्पा होगी शुल्क सूची, छिपाकर नहीं कर सकेंगे वसूली

कलेक्टर ने मंडी प्रशासन को निर्देश दिए कि तुलाई के निर्धारित शुल्क की सूची मंडी परिसर में प्रमुख स्थानों पर चस्पा की जाए। मंडी प्रशासन के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए जाएं, ताकि किसी किसान से अतिरिक्त राशि मांगी जाती है तो वह तत्काल शिकायत कर सके। नीलामी और तुलाई की प्रक्रिया समय पर पूरी कराने के निर्देश भी दिए गए।

किसानों ने खोली अव्यवस्थाओं की पोल

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद किया। किसानों ने तुलाई के दौरान होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में किसानों को परेशान करने या उनकी मजबूरी का फायदा उठाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

वाहनों की मनमानी पर भी सख्ती

मंडी परिसर में उपज लेकर आने वाले वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अनावश्यक रूप से उपज डंप करने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था बनाने तथा यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडी की व्यवस्थाओं पर निगरानी के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस और मंडी प्रशासन को आपसी समन्वय से नियमित निरीक्षण करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खबर के बाद कलेक्टर का मंडी पहुंचना प्रशासनिक कार्रवाई जरूर है, लेकिन असली परीक्षा अब मंडी प्रशासन की है। सवाल यह है कि कलेक्टर की फटकार के बाद किसानों से अतिरिक्त वसूली पर वास्तव में लगाम लगती है या कुछ दिन की सख्ती के बाद फिर वही पुराना खेल शुरू हो जाएगा। किसानों को निर्देश नहीं, जमीन पर राहत चाहिए।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button