Betul News: 4 करोड़ की फंडिंग से 180 करोड़ के विकास तक… सीएम के सामने हेमंत ने चला दिया मास्टर स्ट्रोक!

सीएम के आगमन को विधायक ने बनाया विकास का बड़ा अवसर, क्रिकेट स्टेडियम से पेयजल योजना तक चार बड़े प्रोजेक्ट को मिली सौगात, शहर की तस्वीर बदलने की तैयारी
Betul News: बैतूल। शहर के विकास के लिए जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति और बजट जुटाने में महीनों का समय लग सकता था, वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैतूल आगमन पर एक झटके में मंजूर हो गईं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री के दौरे को विकास के बड़े अवसर में बदलते हुए शहर के लिए करीब 180 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा करवा दी, बल्कि पूरे जिले में ही करीब 600 करोड़ के कार्यों की सीएम से घोषणा करवा दी।
राजनीतिक हलकों में इसे विधायक हेमन्त खण्डेलवाल का बड़ा मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। खास बात यह है कि जिन परियोजनाओं के लिए नगर पालिका के पास पर्याप्त बजट तक उपलब्ध नहीं था, उनके लिए अब मुख्यमंत्री स्तर से ही राशि की व्यवस्था का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
सिर्फ चार करोड़ का इंतजाम, लेकिन सपने पूरे हुए 180 करोड़ के!
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रेचिंग ग्राउंड पर प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के लिए नगर पालिका के पास महज चार करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध था। वहीं गीता भवन, फुटबॉल ग्राउंड और शहर की भविष्य की पेयजल व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण जरूरतों के लिए बजट जुटाना तक आसान नहीं था।
इन परियोजनाओं की स्वीकृति से लेकर फंड की व्यवस्था तक लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता। ऐसे में काम कब शुरू होंगे, यह भी तय नहीं था। खुद नपा के अधिकारी इन प्रक्रियाओं से गुजरने के लिये अपनी तैयारी तो किये हुए थे, लेकिन दांव सही जगह बैठ ही जाएगा इसकी कोई गारंटी नहीं थी।
सीएम के सामने रखी विकास की पूरी चौसर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होने बैतूल पहुंचने का अवसर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने हाथ से नहीं जाने दिया। उन्होंने शहर सहित जिले के आम नागरिकों के हितों को ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री के सामने पूरी मजबूती दिखाई शहर के लिए एक साथ चार बड़ी परियोजनाओं के लिए करीब 180 करोड़ रुपये की सौगात हासिल कर ली।
प्रस्तावित कार्यों में क्रिकेट स्टेडियम के लिए 50 करोड़, गीता भवन के लिए 18 करोड़, शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ तथा फुटबॉल ग्राउंड और इंडोर स्टेडियम के लिए 67 करोड़ इस तरह से लगभग 180 करोड़ रुपये की राशि शामिल हैं।
30 साल तक पेयजल संकट से मिलेगी मुक्ति!
इन घोषणाओं में सबसे महत्वपूर्ण शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये की राशि है। इसके जरिए ऐसी व्यवस्था विकसित करने की योजना है, जिससे अगले 30 वर्षों तक शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा किया जा सके। वहीं एचएमटी फैक्ट्री की जमीन पर बनने वाले गीता भवन में बड़ी लाइब्रेरी और इंडोर ऑडिटोरियम भी प्रस्तावित है। खेल सुविधाओं के विस्तार से जिले के खिलाडिय़ों को बेहतर मैदान और प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे इसका फायदा भी भविष्य में नजर आने लगेगा।
छह महीने में धरातल पर दिखेंगे काम
नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय के मुताबिक, अगले छह महीने में इन विकास कार्यों का असर धरातल पर नजर आने लगेगा। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के लिए बजट और स्वीकृति जुटाने में लंबा समय लग सकता था, लेकिन अब मुख्यमंत्री की घोषणा से कामों को गति मिलेगी।
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के दौरे पर हेमंत खंडेलवाल ने विकास की ऐसी चौसर बिछाई, जिसमें बैतूल को खेल, शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और पेयजल के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिल गई। यदि योजनाएं तय समयसीमा में जमीन पर उतरती हैं तो आने वाले वर्षों में बैतूल शहर की तस्वीर और जरूरतें दोनों बदली बदली नजर आएंगी ।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




