Betul Samachar: विद्यासागर कॉलोनी में अतिक्रमण पर नपा का एक्शन, अब पटवारी करेंगे जमीन की नपाई!

अवैध निर्माण मिलने पर हटेगा अतिक्रमण, कॉलोनाइजर पर भी होगी कार्रवाई
Betul Samachar: बैतूल। टिकारी के प्रताप वार्ड स्थित विद्यासागर कॉलोनी में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण और बिना अनुमति ड्रेनेज निर्माण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। स्थानीय रहवासियों की नाराजगी और वार्ड पार्षद रजनी वर्मा की शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है।
सीएमओ के निर्देश पर नपा के राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अब संबंधित जमीन की नपाई क्षेत्रीय पटवारी की मौजूदगी में कराई जाएगी। नपाई की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि ड्रेनेज का निर्माण सरकारी जमीन पर हुआ है या नहीं।
शिकायत के बाद जागा नपा प्रशासन, मौके पर मिला ड्रेनेज निर्माण
विद्यासागर कॉलोनी में ड्रेनेज निर्माण को लेकर पहले ही विवाद की स्थिति बन चुकी है। आरोप है कि कॉलोनाइजर ने सरकारी जमीन पर सक्षम विभाग से अनुमति लिए बिना ड्रेनेज का निर्माण करा दिया। इससे स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर जमीन की स्थिति और निर्माण की अनुमति सुनिश्चित किए बिना काम कैसे करा दिया गया। वार्ड पार्षद रजनी वर्मा की शिकायत के बाद नपा प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षण कराया है।
पटवारी की नपाई खोलेगी अतिक्रमण की परतें
नपा के राजस्व अधिकारी ब्रज गोपाल परते ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर विद्यासागर कॉलोनी का निरीक्षण किया गया था। मौके पर ड्रेनेज निर्माण पाया गया है, लेकिन निर्माण के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है। अब क्षेत्रीय पटवारी के माध्यम से संबंधित जमीन की नपाई कराने का निर्णय लिया गया है।
अवैध निर्माण मिला तो हटेगा अतिक्रमण, होगी कार्यवाही
राजस्व अधिकारियों के अनुसार, जमीन की नपाई और जांच के बाद यदि निर्माण अवैध पाया जाता है तो अतिक्रमण हटाने सहित कॉलोनाइजर के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें पटवारी की नपाई पर टिकी हैं। जांच में जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। अब देखना यह है कि नपाई के बाद नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण के मामले में कितनी सख्ती दिखाता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




