Kothalkund Toll : कोथलकुंड टोल पर कैश का खेल, फास्टैग सिस्टम नजरअंदाज

हेमंत के हस्तक्षेप के बाद ट्रांसपोर्टरों का धरना खत्म, आज की बैठक में निकलेगा ठोस विकल्

बैतूल। बैतूल-परतवाड़ा की खस्ताहाल सड़क पर टोल वसूली को लेकर शुरू हुआ ट्रांसपोर्टरों का विरोध फिलहाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के हस्तक्षेप के बाद थम गया है। बुधवार को कोथलकुंड टोल नाके पर ट्रांसपोर्टरों के धरने और हंगामे के बाद हेमंत खंडेलवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की।

इसके बाद ट्रांसपोर्टरों को एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत कराने का भरोसा दिया गया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। हालांकि, टोल वसूली के तरीके को लेकर अब भी कई सवाल खड़े हैं।

ट्रांसपोर्ट यूनियन ने कोथलकुंड टोल पर बिना फास्टैग के वाहनों से नकद राशि लिए जाने का आरोप लगाया है। यूनियन अध्यक्ष संजय राठौर का कहना है कि जिले के अन्य टोल नाकों पर फास्टैग के जरिए वसूली की जा रही है, जबकि कोथलकुंड पर नकद वसूली की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि यह वसूली किस नियम और किस अधिकारी की अनुमति के आधार पर की जा रही है। यूनियन ने पूरे मामले की जांच की मांग की है।

डेढ़ महीने के एक्सटेंशन पर भी सवाल

ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि टोल वसूली की निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद करीब डेढ़ महीने का एक्सटेंशन बताकर वसूली जारी रखी गई है। यूनियन का कहना है कि जब सड़क की हालत बेहद खराब है तो वाहन मालिकों से टोल वसूली का औचित्य भी स्पष्ट किया जाना चाहिए। यही वजह है कि ट्रांसपोर्टरों ने नारे के साथ अपना रुख साफ किया है। सड़क नहीं तो टोल भी नहीं।

मरम्मत के बाद आधा, फास्टैग से पूरा टोल देने को तैयार

यूनियन अध्यक्ष संजय राठौर के मुताबिक ट्रांसपोर्टरों की मांग टोल से बचने की नहीं, बल्कि खराब सड़क को लेकर है। सड़क की मरम्मत होने के बाद ट्रांसपोर्टर आधा टोल देने को तैयार हैं। वहीं यदि नियमानुसार फास्टैग के माध्यम से टोल वसूली की जाती है तो वाहन मालिक पूरा टोल देने के लिए भी तैयार हैं।

आज हेमंत से आमने-सामने होगी ट्रांसपोर्ट यूनियन

ट्रांसपोर्टर मनोज जोशी ने बताया कि हेमंत खंडेलवाल ने अधिकारियों से चर्चा के बाद एक सप्ताह में सड़क मरम्मत कराने का भरोसा दिया है। इसी आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया। अब गुरुवार शाम ट्रांसपोर्ट यूनियन की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ बैठक होगी। इसमें टोल वसूली, नकद भुगतान, एक्सटेंशन और सड़क की हालत सहित सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद यह साफ होगा कि कोथलकुंड टोल पर उठे सवालों का समाधान किस दिशा में आगे बढ़ता है।

नगद वसूली को लेकर एमपीआरडीसी प्रभारी राजकुमार नागले से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नम्बर 9479472262 पर संपर्क किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button