Betul Samachar: लिंक रोड पर अब नहीं चलेगी अतिक्रमण की मनमानी, चुन-चुनकर हटाए जा रहे कब्जे, मौके पर डटे अफसर

कारगिल चौक-गढ़ाघाट रोड पर नपा की जेसीबी ने संभाला मोर्चा
Betul Samachar: बैतूल। बहुचर्चित कारगिल चौक से गढ़ा घाट रोड तक लिंक रोड के निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। खास बात यह है कि इस बार कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर एक-एक कब्जे को हटवाने में जुटे हैं।
नगरपालिका की जेसीबी से अतिक्रमण हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। अपर कलेक्टर वंदना जाट और एसडीएम अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि अब सड़क निर्माण में मनमानी की गुंजाइश कम करने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सड़क तैयार कराने पर जोर दिया जा रहा है।
जहां जगह मिली, वहीं तक बन रही थी सड़क
दरअसल, कारगिल चौक-गढ़ाघाट रोड का निर्माण लंबे समय से चर्चा में है। स्थानीय पार्षदों और रहवासियों ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं और अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने को लेकर नाराजगी जताई थी। आरोप था कि ठेकेदार को जहां जगह मिल रही थी, वहीं तक सड़क का निर्माण किया जा रहा था। इससे सड़क की निर्धारित चौड़ाई और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे।
विधायक के निरीक्षण के बाद हरकत में आया प्रशासन
स्थानीय लोगों और पार्षदों के आक्रोश के बाद बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी मौके का निरीक्षण किया था। विधायक के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे भी स्थल पर पहुंचे और दोबारा नपाई व मार्किंग कराई गई। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।
अब प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय रहवासियों को उम्मीद जगी है कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरा होगा और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। हालांकि, कार्रवाई के बाद सड़क की वास्तविक चौड़ाई और निर्माण की गुणवत्ता पर भी लोगों की नजर रहेगी।




