Nagar Nigam: नगर निगम बनने से गांवों की बदलेगी तस्वीर, टैक्स में रियायत की तैयारी!

हेमंत ने कहा- भविष्य को लेकर निराश न हों ग्रामीण, सड़क-पानी-नाली जैसी सुविधाओं से बढ़ेगा जीवन
Nagar Nigam: बैतूल। बैतूल नगर पालिका को नगर निगम में तब्दील करने की कवायद के बीच आसपास की ग्राम पंचायतों को निगम में शामिल किए जाने को लेकर ग्रामीणों के मन में कई सवाल हैं। सबसे बड़ी चिंता टैक्स का बोझ बढ़ने को लेकर है, लेकिन इस बदलाव को केवल टैक्स की बढ़ोतरी के नजरिए से देखना उचित नहीं होगा।
नगर निगम का हिस्सा बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास की नई संभावनाएं भी खुल सकती हैं,जिसका फायदा ग्रामीणों को मिलना भी तय माना जा रहा है। इसी दिशा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने पार्षदों, एल्डरमेन और नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्रामीणों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है।
उन्होंने कहा है कि निगम में जो भी पंचायते शामिल की जा रही हैं उन ग्रामीणों और उनके परिवारों को बिल्कुल भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। क्योंकि ग्रामीणों की समस्याओ का समाधान भी उचित तरीके से किया जाएगा।
टैक्स की चिंता दूर करने पर किया गम्भीरता से मंथन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगर निगम में शामिल होने वाली ग्राम पंचायतों के निवासियों को संभावित टैक्स वृद्धि से राहत दिलाने के विकल्पों पर गम्भीरता से विचार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रावधान है कि टैक्स निर्धारण में रियायत देने का विषय परिषद की बैठक में रखा जा सकता है। इसके लिए नियमानुसार परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया जा सकता है।
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कच्चे मकान होते हैं, ऐसे में भवनों की प्रकृति और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टैक्स संबंधी प्रावधानों पर विचार महत्वपूर्ण होगा। हालांकि, टैक्स में कितनी रियायत मिलेगी और उसका स्वरूप क्या होगा, यह परिषद के निर्णय के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गांवों को मिल सकती हैं शहर जैसी सुविधाएं
नगर निगम में शामिल होने का एक बड़ा संभावित लाभ गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार है। बेहतर सड़कें, पक्की नालियां, पेयजल व्यवस्था, बिजली और नियमित साफ-सफाई जैसी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की लंबे समय से अपेक्षाएं रही हैं। निगम के दायरे में आने के बाद इन जरूरतों को व्यवस्थित विकास योजनाओं के माध्यम से पूरा करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इससे गांवों की तस्वीर बदलने के साथ ही लोगों के दैनिक जीवन में भी सुधार सम्भव है।
बदलाव को सिर्फ टैक्स के चश्मे से न देखें
इस मामले को लेकर बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने बताया कि,नगर निगम में शामिल होने को लेकर ग्रामीणों के बीच बनी आशंकाओं को दूर करना सबसे ज्यादा जरूरी है। किसी भी बड़े प्रशासनिक बदलाव में नागरिकों के अधिकारों, सुविधाओं और आर्थिक स्थिति से जुड़े सवाल स्वाभाविक हैं। ऐसे में जरूरी है कि ग्रामीणों को प्रस्तावित व्यवस्था, टैक्स के नियमों और मिलने वाली सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए। केवल सुनी-सुनाई बातों के आधार पर भविष्य को लेकर निराश होने के बजाय प्रस्ताव के सभी पहलुओं को समझना चाहिए।
विकास के नए रास्ते खुलने की उम्मीद
खण्डेलवाल ने बताया कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है कि वह अपनी विधान सभा और लोगो के जीवनस्तर को सुद्रढ़ बनाये जाने का कर्तव्य निभाएं।बैतूल के आसपास बसे गांवों को नगर निगम में शामिल करने की योजना का उद्देश्य यदि बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित विकास को गति देना है, तो ग्रामीणों की चिंताओं का समाधान भी उतनी ही गंभीरता से करना होगा।
टैक्स में संभावित रियायत और सुविधाओं के विस्तार को लेकर ठोस निर्णय ग्रामीणों का भरोसा बढ़ा सकते हैं। जिसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर बिल्कुल विश्वास ना करें, आने वाले समय मे ग्रामीणों का बदलता सार्थक जीवन स्तर खुद इसकी गवाही देगा।
इनका कहना …
निगम को लेकर ग्रामीणों को टैक्स में रियायत दीए जाने पर चर्चा की गई है। ऐसी कई सुविधाएं है जो निगम बनने के बाद ग्रामीणों को मिलेगी। मेरा ग्रामीणों से आग्रह है कि विकास की संभावनाओं पर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
हेमन्त खंडेलवाल,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




