Jan Vishvash Shivir : शिविर में समस्याएं सुन रहे थे हेमंत, तभी आया सीएम का फोन
बोले- फिर बैतूल आऊंगा, बड़ा कार्यक्रम कर सुनूंगा जनता की पीड़ा, फिर दोहराया बैतूल से खास लगाव

बैतूल। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शहर के छह वार्डों के लोगों की समस्याएं सुनने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर लगाया। विनोबा वार्ड स्थित इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित शिविर में शंकर, विवेकानंद, विनोबा, विकास, राजेंद्र और लोहिया वार्ड के लोग सड़क, सफाई, पट्टे सहित विभिन्न समस्याओं के आवेदन लेकर पहुंचे।
हेमंत खंडेलवाल पार्षदों और अधिकारियों के साथ मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अचानक फोन आया। मुख्यमंत्री से फोन पर चर्चा के दौरान खंडेलवाल ने उन्हें बताया कि वे वार्डों के लोगों की समस्याएं सुनने के लिए शिविर में मौजूद हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से लोगों को संबोधित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिविर में मौजूद लोगों को फोन के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बैतूल से काफी लगाव है। वे पिछले दिनों कुकरू आए थे और एक बार फिर बैतूल आने की इच्छा है। उन्होंने कहा कि कुकरू के साथ बैतूल में भी बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा बैतूल में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से मोबाइल के माध्यम से जुड़ने का आग्रह किया और आगामी नवरात्र एवं दीप पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के अचानक फोन पर संबोधन से शिविर में मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री ने जब दोबारा बैतूल आने और बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनने की बात कही तो लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
पट्टे के लिए आवेदन लेने अधिकारियों को दिए निर्देश
शिविर में कई लोग पट्टे से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे। कुछ लोगों ने बताया कि उनके पास पट्टा नहीं है और पूर्व में किए गए आवेदन निरस्त हो चुके हैं। इस पर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि पात्र लोगों को नियमानुसार पट्टे उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह को निर्देश दिए कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके आवेदन लिए जाएं और पात्रता के अनुसार पट्टा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। सीएमओ नवनीत पांडेय सहित नगरपालिका अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त आवेदनों को दर्ज किया और संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी।
6 वार्डों को 6 सेक्टर में बांटकर लगाए जाएंगे शिविर
शहर में बढ़ती स्थानीय समस्याओं को देखते हुए विधायक हेमंत खंडेलवाल ने वार्डों को छह सेक्टर में बांटकर स्वयं जनसमस्या निवारण शिविर लगाने की पहल की है। पहले शिविर में छह वार्डों के लोगों की समस्याएं सुनी गईं। लोगों ने सड़क, सफाई, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं। अधिकारियों ने मौके पर समस्याओं को नोट कर उनके निराकरण की योजना तैयार की। शिविर में नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, बैतूल नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अतीत पवार, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम सहित पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




