Betul Samachar: सड़क बनी, नाली की प्लानिंग भूले; अब अतिक्रमण हटाकर तलाशेंगे रास्ता

कारगिल चौक-गढ़ाघाट लिंक रोड पर विवाद, नपा अध्यक्ष और एसडीएम ने फिर किया निरीक्षण; पेड़ हटाने और अतिक्रमण खाली कराने पर सहमति

Betul Samachar: बैतूल। कारगिल चौक से गढ़ाघाट होते हुए सोनाघाटी पहुंच मार्ग तक बन रही सीसी सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। पहले निर्माण में देरी को लेकर ठेकेदार पर सवाल उठे और अब सड़क के साथ नाली निर्माण की व्यवस्था नहीं होने से नई समस्या खड़ी हो गई है।

बारिश का पानी सड़क पर बहने की आशंका के बीच क्षेत्रीय पार्षद वर्षा बारस्कर की शिकायतों के बाद गुरुवार को नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कार, उपाध्यक्ष महेश राठौर, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, तहसीलदार पूनम साहू सहित राजस्व और नगर पालिका की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क की चौड़ाई, ग्रीन कॉरिडोर, अतिक्रमण और नाली निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यहां 32 फीट चौड़ी सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। अधिकारियों के मुताबिक सड़क के लिए 60 फीट चौड़ाई की मार्किंग की गई है, जिसमें करीब 20 फीट हिस्सा कॉलोनी की सड़क और ग्रीन कॉरिडोर के लिए छोड़ा गया था। बताया गया कि वर्ष 1980 में टीएसपी अप्रूव्ड कॉलोनी के समय कॉलोनाइजर ने सड़क के लिए जमीन छोड़ी थी।

अतिक्रमण चिन्हित, पेड़ हटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमण को चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। सड़क किनारे लगे कुछ आम के पेड़ों को हटाने पर भी सहमति बनी, ताकि प्रस्तावित नाली निर्माण के लिए जगह उपलब्ध हो सके।

सड़क बनी, लेकिन नाली की नहीं हुई प्लानिंग

सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क निर्माण की योजना तैयार करते समय जल निकासी की व्यवस्था को लेकर पर्याप्त ध्यान क्यों नहीं दिया गया। सड़क बनने के बाद नाली का मुद्दा सामने आने से अब नगर पालिका को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने या बहने से आवागमन प्रभावित होने के साथ सड़क की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।

सौगात से विवाद तक पहुंचा मामला

कारगिल चौक से गढ़ाघाट मार्ग पर सीसी सड़क की सौगात मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी थी, लेकिन निर्माण की धीमी गति, अतिक्रमण और नाली की व्यवस्था नहीं होने से अब लोगों की नाराजगी सामने आने लगी है। गुरुवार के निरीक्षण के बाद अतिक्रमण हटाने और नाली के लिए जगह बनाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। अब देखना यह है कि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था कितनी जल्दी पूरी होती है।

इनका कहना….

 सड़क के साथ नाली सेक्शन नहीं होने के कारण पीडब्ल्यूडी निर्माण कार्य नहीं कर रही है। नाली निर्माण को लेकर हमने नपा अध्यक्ष से चर्चा की है। संभवत: नाली निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद सड़क का काम सुचारू हो सकेगा।

अभिजीत सिंह, एसडीएम बैतूल।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button