Betul Hospital News: जिला अस्पताल को मिले 10 एमबीबीएस बंधपत्र डॉक्टर

एक वर्ष और पांच वर्ष तक देंगे सेवाएं, डॉक्टरों की कमी दूर होने से मरीजों को मिलेगी राहत
Betul Hospital News: बैतूल। लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिला अस्पताल को अब 10 नए एमबीबीएस बंधपत्र डॉक्टर मिले हैं। इन डॉक्टरों की पदस्थापना से अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। डॉक्टरों के आने से मरीजों को उपचार के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं अस्पताल प्रशासन को भी चिकित्सकों की कमी से कुछ राहत मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले को मिले 10 एमबीबीएस डॉक्टरों में से सात डॉक्टरों की जिला अस्पताल में एक वर्ष की बंधपत्र सेवा के तहत पदस्थापना हुई है। इनमें डॉ. मेघा प्रन्द्रौड़, डॉ. दिव्यानी उईके, डॉ. पंकज बानसे, डॉ. पूनम भल्लावी, डॉ. प्रिया किराड़े, डॉ. शुभम नागर और डॉ. विद्या जाधव शामिल हैं।
वहीं तीन डॉक्टरों की पांच वर्ष की बंधपत्र सेवा के तहत नियुक्ति की गई है। इनमें डॉ. अंशुली महाजन, डॉ. अंशिका अग्रवाल और डॉ. सचिन रघुवंशी शामिल हैं। पांच वर्ष की सेवा वाले डॉक्टरों की उपलब्धता से अस्पताल को लंबे समय तक चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आठ डॉक्टरों ने संभाली ड्यूटी
अस्पताल में पदस्थ 10 डॉक्टरों में से आठ डॉक्टरों ने अपनी ज्वाइनिंग दे दी है और सेवाएं शुरू कर दी हैं। वहीं डॉ. शुभम नागर और डॉ. सचिन रघुवंशी ने अभी तक ज्वाइनिंग नहीं दी है। इनके ज्वाइन करने के बाद जिला अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या में और इजाफा होगा।
मरीजों को मिल सकेगी राहत
जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार और जांच के लिए पहुंचते हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण मौजूदा चिकित्सकों पर काम का दबाव बना रहता है। ऐसे में नए डॉक्टरों की पदस्थापना से ओपीडी, वार्ड और अन्य चिकित्सा सेवाओं में काम का विभाजन बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बंधपत्र के तहत डॉक्टरों की पदस्थापना से जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगामी दिनों में सभी डॉक्टरों के नियमित रूप से सेवाएं देने के बाद इसका असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई देने की उम्मीद है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




