Betul ki Khabar: मेन पाइप लाइन ने रोक लिया निस्तारी का गंदा पानी, कोठीबाजार के तीन वार्ड न बन जाएं भागीरथपुरा!

3-4 महीने से नहीं हुई ड्रेनेज की सफाई, कचरे से ढकी पाइप लाइन, हजारों लोगों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा
Betul ki Khabar: बैतूल। शहर के कोठीबाजार क्षेत्र के तीन वार्डों में नपा की लापरवाही कभी भी बड़ी मुसीबत का कारण बन सकती है। हाल ही में बनाई गई ड्रेनेज लाइन के बीच से गुजर रही नगर पालिका की मेन पाइप लाइन अब गंदे पानी और कचरे से घिर गई है। करीब तीन से चार माह पहले ड्रेनेज का निर्माण पूरा होने के बावजूद अब तक इसकी समुचित सफाई नहीं की गई है।
नतीजा यह है कि ड्रेनेज में बहकर आने वाला कचरा मेन पाइप लाइन को ढंक चुका है और पाइप लाइन लंबे समय से गंदे पानी में डूबी हुई बताई जा रही है। क्षेत्र में तैयार की गई ड्रेनेज व्यवस्था में लोगो के घरों से निकल रहा निस्तारी का गंदा पानी बह रहा है। इसके बीच से नगर पालिका की मुख्य पेयजल पाइप लाइन गुजर रही है।
सफाई के अभाव में ड्रेनेज में जमा कचरा पाइप लाइन के आसपास लगातार बढ़ता जा रहा है। गंदे पानी में पाइप लाइन के डूबे रहने से उसके क्षतिग्रस्त अथवा सड़ने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
सबसे गंभीर चिंता इस बात को लेकर है कि यदि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई और गंदा पानी पेयजल लाइन के संपर्क में आया तो तिलक, आजाद और कृष्णपुरा वार्ड के हजारों रहवासियों के घरों तक दूषित पानी पहुंच सकता है। ऐसे में बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो सकता है। जिस पाइप लाइन से लोगों को पीने का पानी मिलना है, उसका गंदे पानी में डूबा होना अपने आप में गंभीर स्वास्थ्य का जोखिम है।
भागीरथपुरा जैसी घटना की प्रबल आशंका!
उलेखनीय है कि,इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में इसी तरह दूषित पानी के कारण हुई कई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। ऐसे में बैतूल में भी यदि पेयजल लाइन की सुरक्षा को लेकर समय रहते सतर्कता नहीं बरती गई तो हालात बिगड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि वर्तमान स्थिति को भागीरथपुरा की घटना के समान बताना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन लापरवाही जारी रही तो गंभीर स्वास्थ्य संकट की परिस्थितियां जरूर निर्मित हो सकती हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि ड्रेनेज की नियमित सफाई और मेन पाइप लाइन की स्थिति की तत्काल जांच कराई जानी चाहिए।
नगर पालिका को गंदे पानी में डूबी पाइप लाइन को सुरक्षित करने के साथ ड्रेनेज में जमा कचरे कीङ्क सफाई भी तत्काल करानी होगी। यदि समय रहते जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया तो छोटी सी लापरवाही आने वाले दिनों में बड़ी समस्या का रूप ले सकती है।
इनका कहना….
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। यदि ऐसी स्थिति है तो टेक्निकल टीम से इसे तत्काल दुरुस्त करवाया जाएगा, कल ही टीम मौके पर पहुंचाई जाएगी।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



