Anjuman Committee Election: अंजुमन कमेटी चुनाव में घमासान तेज, प्रत्यक्ष मतदान से अध्यक्ष चुनने की उठी मांग

21 सितंबर को खत्म हो रहा कार्यकाल, अध्यक्ष पद को लेकर शुरू हुई लामबंदी
Anjuman Committee Election : बैतूल। अंजुमन कमेटी के मौजूदा कार्यकाल की समाप्ति से पहले ही अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 21 सितंबर को कमेटी का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। इसके पहले ही अलग-अलग खेमों में अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारी और लॉबिंग का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच अब कमेटी के चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने की मांग भी सामने आई है।
प्रत्यक्ष चुनाव की मांग करने वाले पक्ष का कहना है कि अध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों को नियमानुसार अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाना चाहिए। इसके बाद समाज के लोगों के बीच बाकायदा मतदान कराया जाए। जिस प्रत्याशी को समाज का समर्थन मिले, उसे अध्यक्ष चुना जाए।
उनका तर्क है कि इससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अध्यक्ष के चयन को लेकर उठने वाले विवादों की गुंजाइश भी कम होगी। भाजपा से जुड़े अकरम खान ने अंजुमन कमेटी के चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग रखी है।
उनका कहना है कि अध्यक्ष पद के दावेदार अपनी दावेदारी पेश करें और समाज के प्रबुद्ध नागरिक मतदान के माध्यम से अपना अध्यक्ष चुनें। मतदान के बाद जो भी निर्णय सामने आए, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। उनके मुताबिक प्रत्यक्ष चुनाव से प्रक्रिया पारदर्शी होगी और संस्था के चुनाव बिना विवाद के संपन्न कराए जा सकेंगे।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा- प्रावधानों के अनुसार होंगे चुनाव
मामले को लेकर मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने सांझवीर टाईम्स को बताया कि चुनाव कानून और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ही कराए जाते हैं। अंजुमन कमेटी के चुनाव कराने के अधिकार वक्फ बोर्ड को दिए गए हैं और वक्फ के प्रावधानों के मुताबिक ही चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी।
हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि क्या अध्यक्ष पद के लिए प्रत्यक्ष मतदान कराया जाएगा, तो उन्होंने फोन काट दिया। इधर अंजुमन कमेटी के कार्यकाल की समाप्ति करीब आते ही अध्यक्ष पद को लेकर गतिविधियां बढ़ गई हैं।
प्रत्यक्ष मतदान की मांग सामने आने के बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि वक्फ बोर्ड चुनाव किस प्रक्रिया से कराता है और अध्यक्ष पद के लिए समाज के लोगों को सीधे मतदान का अवसर मिलता है या नहीं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




