Betul Toll: 30 किमी के दायरे में दो टोल, सड़क बदहाल, फिर भी दोहरी वसूली से लूट रहे वाहन चालक

बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर वाहन चालकों की जेब पर दोहरी मार, एनएचएआई को हैंडओवर करने पर बदल सकते है हालात
Betul Toll : बैतूल। बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर महज करीब 30 किलोमीटर के दायरे में दो टोल नाके संचालित होने से वाहन चालकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। एक टोल परतवाड़ा से कुछ किलोमीटर दूर संचालित हो रहा है, जबकि दूसरा कोथलकुंड में है। वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की हालत खराब होने के बावजूद दो-दो स्थानों पर टोल वसूली समझ से परे है। जबकि नियम अनुसार टोल के बीच की दूरी 60 से 80 किलोमीटर होने चाहिए। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वाहन चालकों के मुताबिक सामान्य तौर पर टोल प्लाजा के बीच निर्धारित दूरी का प्रावधान होता है। ऐसे में करीब 30 किलोमीटर के दायरे में दो टोल संचालित होने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब एक ही मार्ग पर इतनी कम दूरी में दो जगह शुल्क लिया जा रहा है तो वाहन चालकों को इसके पीछे का आधार और नियम स्पष्ट किया जाना चाहिए।
बैतूल से परतवाड़ा तक सड़क के कई हिस्सों की स्थिति खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और जर्जर सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद इसी मार्ग पर दो स्थानों से टोल वसूली होने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। वाहन चालकों का सवाल है कि जब सड़क सुविधा अपेक्षित स्तर की नहीं है तो दोहरी टोल वसूली क्यों की जा रही है।
शिकायतों से बचने लोकल वाहन वसूली से बाहर
सूत्रों के अनुसार कोथलकुंड टोल नाके पर एमपी-48 सीरीज के लोकल स्थानीय वाहनों को कथित तौर पर टोल वसूली से दूर रखा गया है। बताया जा रहा है कि स्थानीय वाहनों से शुल्क नहीं लिए जाने के कारण शिकायतों की स्थिति न बने, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। हालांकि इस व्यवस्था को लेकर भी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
बताया जा रहा है कि कोथलकुंड टोल नाके का ठेका एक अगस्त को समाप्त होना था, लेकिन अब इसे करीब डेढ़ माह के लिए बढ़ा दिया गया है। यानी वाहन चालकों को फिलहाल और कुछ समय तक यहां टोल देना पड़ेगा। ठेका बढ़ाए जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।
एनएचएआई को हैंडओवर के बाद बदलेगी तस्वीर
अधिकारियों के मुताबिक संबंधित सड़क को जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग को हैंडओवर किया जाना है। डेढ़ माह की अवधि पूरी होने के बाद सड़क हैंडओवर किए जाने की बात कही जा रही है। अधिकारियों का यह भी कहना है कि सड़क निर्माण के लिए सर्वे पूरा हो चुका है और डीपीआर तैयार की जा रही है।
एक ओर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर दो टोल नाकों से वसूली जारी रहने से स्थानीय जनप्रतिनिधि भी जनता के निशाने पर हैं। वाहन चालकों का कहना है कि जब नई सड़क के निर्माण की तैयारी हो रही है तो तब तक दो स्थानों पर टोल वसूली का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए। लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए राहत देने की दिशा में कदम उठाएंगे।
इनका कहना….
अनुबंध के मुताबिक कोथलकुंड टोल नाके पर अगले डेढ़ माह तक वसूली की जाएगी, सड़क निर्माण की डीपीआर तैयार की जा रही है। जल्द ही सड़क एनएच को हैंडओवर हो जाएगी।
राजकुमार नागले, प्रभारी, एमपीआरडीसी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



