Betul News: कैम्पा प्लांटेशन कटाई में पहला विकेट गिरा, बीट गार्ड सस्पेंड

153 ठूंठ मिलने के बाद डीएफओ की सख्ती, अब दूसरे कक्षों की जांच से बढ़ सकती है कार्रवाई की आंच
Betul News: बैतूल।। शाहपुर वन परिक्षेत्र की बागला और बोन्द्री बीट में कैम्पा प्लांटेशन के पेड़ों की कटाई के मामले में आखिरकार वन विभाग ने कार्रवाई का पहला कदम उठा दिया है। इस मामले को सांझवीर टाइम्स द्वारा उठाया गया था। उत्तर वन मंडल के डीएफओ नवीन गर्ग ने बीट गार्ड उपेंद्र वोरा को निलंबित कर दिया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य कक्षों की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठने लगा है कि क्या जांच की आंच डिप्टी रेंजर और रेंजर तक भी पहुंचेगी?
शाहपुर क्षेत्र में कैम्पा प्रोजेक्ट के तहत वर्ष 2015-16 में लाखों रुपए खर्च कर सागौन का प्लांटेशन कराया गया था। आरोप है कि निगरानी और देखरेख में लापरवाही के चलते सागौन के पेड़ों पर अवैध कटाई करने वालों ने हाथ साफ कर दिया। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद एसडीओ उत्तम सिंह सस्त्या से जांच कराई गई, जिसमें करीब 119 ठूंठ पाए गए। इसके बाद सीसीएफ उड़नदस्ते को जांच सौंपी गई। जांच अधिकारी आकांक्षा खातरकर ने तीन दिनों की जांच में दो कक्षों से 34 और ठूंठ चिन्हित किए हैं। इस तरह अब तक कुल 153 ठूंठ मिलने की पुष्टि हो चुकी है।
18 से 19 सौ पेड़ों की कटाई का दावा
विभागीय जांच में अभी तक सामने आए आंकड़े को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कैम्पा प्लांटेशन में करीब 18 से 19 सौ पेड़ों को निशाना बनाया गया है। यदि विभाग द्वारा अन्य कक्षों की भी बारीकी से जांच कराई जाती है तो कटे हुए पेड़ों की संख्या कहीं अधिक सामने आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में जांच का आंकड़ा विभाग के लिए भी चौंकाने वाला हो सकता है।
बीट गार्ड के निलंबन के बाद कार्रवाई का पहला विकेट गिर चुका है, लेकिन बड़ा सवाल अभी भी बाकी है। प्लांटेशन की निगरानी की जिम्मेदारी केवल बीट गार्ड की थी या फिर उच्च स्तर के अधिकारियों की भी जवाबदेही बनती है? डिप्टी रेंजर और रेंजर की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि निष्पक्ष और विस्तृत जांच हुई तो कार्रवाई की गाज इन अधिकारियों पर भी गिर सकती है।
एसडीओ बोले—जानकारी नहीं, डीएफओ ने की पुष्टि
बीट गार्ड उपेंद्र वोरा के निलंबन को लेकर विभागीय स्तर पर भी स्थिति दिलचस्प नजर आई। एसडीओ उत्तम सिंह सस्त्या से जब निलंबन की पुष्टि के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इसकी जानकारी नहीं होने की बात कही। वहीं डीएफओ नवीन गर्ग ने तत्काल निलंबन की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की जानकारी दी। डीएफओ ने अन्य कक्षों की जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे की जांच में कितने और ठूंठ सामने आते हैं और जिम्मेदारी का दायरा आखिर कहां तक पहुंचता है।
इनका कहना….
कैम्पा प्लांटेशन कटाई मामले में बीट गार्ड उपेंद्र वोरा को निलंबित किया गया है। अन्य कक्षों की जांच भी कराई जा रही है।
नवीन गर्ग, डीएफओ उत्तर वन मण्डल बैतूल
दो जगहों की जांच में कुल 34 ठूंठ मिले हैं जांच प्रतिवेदन सौंप दिया गया है।कार्यवाही के विषय मे जानकारी नहीं है।
आकांक्षा खातरकर, एसडीओ सीसीएफ उड़नदस्ता
बीट गार्ड के निलंबन के विषय मे कोई जानकारी नहीं है। हमने तो जांच कर प्रतिवेदन सौंप दिया था।
उत्तम सिंह सस्त्या,एसडीओ शाहपुर
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




