Betul Samachar: नगर निगम की ओर निर्णायक कदम: छिंदवाड़ा से सीखा फार्मूला

नगर पालिका 74 गांवों को डेटा जुटाने पत्राचार कर मांग रही जानकारी
Betul Samachar: बैतूल। जिला मुख्यालय बैतूल को नगर निगम का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया अब कागजों से निकलकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ने लगी है। नगर पालिका परिषद ने नगर निगम गठन के लिए प्रस्तावित विस्तारित क्षेत्र की पूरी तस्वीर तैयार करने का काम शुरू कर दिया है।
इसके तहत 29 ग्राम पंचायतों और उनसे जुड़े 45 गांवों सहित कुल 74 गांवों के आंकड़े जुटाने के लिए विभिन्न विभागों को पत्र भेजे गए हैं। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने विभागों से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हाल ही में बैतूल नपा की तीन सदस्यीय टीम ने छिंदवाड़ा जाकर नगर निगम बनाने की पूरी प्रक्रिया को बारिकी से समझा। महत्वपूर्ण दस्तावेज भी टीम लेकर आई है। इस आधार पर संबंधित विभागों को पत्राचार करने के काम में अचानक तेजी से भी आ गई है।
छिंदवाड़ा माडल के आधार पर ही बैतूल नपा को नगर निगम बनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर पालिका परिषद की 16 जून को हुई बैठक में पारित संकल्प क्रमांक 583 के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है। प्रस्ताव के मुताबिक नगर परिषद बैतूल बाजार तथा आसपास की 29 ग्राम पंचायतों को शामिल करते हुए नगर सीमा का विस्तार किया जाएगा। यदि प्रस्ताव को शासन स्तर पर मंजूरी मिलती है तो बैतूल जिले के इतिहास में पहली बार नगर निगम अस्तित्व में आएगा।
नगर निगम बनने से पहले तैयार होगी ‘शहर की पूरी प्रोफाइल
नगर निगम गठन के लिए केवल जनसंख्या ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय सुविधाओं, अधोसंरचना और संस्थागत व्यवस्थाओं का भी विस्तृत ब्यौरा तैयार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से नगर पालिका परिषद ने अलग-अलग विभागों को पत्र भेजकर जानकारी मांगी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा सुविधाओं का विवरण मांगा गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या और स्थिति की जानकारी ली जा रही है। बिजली कंपनी से विद्युत अधोसंरचना का ब्यौरा, जिला योजना कार्यालय से संचालित योजनाओं और बजट की जानकारी तथा यातायात विभाग से परिवहन और यातायात व्यवस्था संबंधी आंकड़े मांगे गए हैं।
सूत्रों के अनुसार राजस्व, शिक्षा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अन्य विभागों से भी चरणबद्ध तरीके से जानकारी एकत्र की जा रही है, ताकि शासन के समक्ष एक मजबूत और तथ्यात्मक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा सके।
छिंदवाड़ा से सीखा नगर निगम बनने का पूरा रोडमैप
नगर निगम गठन की प्रक्रिया को समझने के लिए हाल ही में नगर पालिका परिषद की तीन सदस्यीय टीम छिंदवाड़ा पहुंची थी। टीम ने वहां नगर निगम बनने के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया, शासन स्तर पर हुए पत्राचार, प्रस्तावों, आपत्तियों के निराकरण और आवश्यक दस्तावेजों का अध्ययन किया। अधिकारियों ने नगर निगम गठन से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों की प्रतियां भी प्राप्त की हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर बैतूल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।
74 गांवों की सीमाओं का होगा एकीकरण
नगर पालिका परिषद के प्रस्ताव के अनुसार नगर परिषद बैतूल बाजार और 29 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 45 गांवों को मिलाकर कुल 74 गांवों का क्षेत्र प्रस्तावित नगर निगम सीमा में शामिल किया जाएगा। इससे शहर का भौगोलिक क्षेत्रफल और प्रशासनिक दायरा दोनों बढ़ेंगे। नगर निगम बनने की स्थिति में शहरी विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और वित्तीय संसाधनों में वृद्धि की संभावना भी बढ़ेगी।
हालांकि अंतिम निर्णय राज्य शासन द्वारा सभी मानकों और दस्तावेजों की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा जारी पत्रों में विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रस्तावित ग्राम पंचायतों और गांवों से संबंधित जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए। जानकारी प्राप्त होने के बाद उसे संकलित कर शासन को भेजे जाने वाले विस्तृत प्रस्ताव का हिस्सा बनाया जाएगा।
इनका कहना….
बैतूल नपा को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सभी विभाग प्रमुखों से पत्राचार कर विभिन्न जानकारियां मांगी जा रही है। छिंदवाड़ा नगर निगम से बैतूल की टीम ने दस्तावेज लाए हैं। इसके आधार पर तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




