Betul News: 20 साल का इंतजार खत्म! बैतूल-परतवाड़ा सड़क के बदलेंगे दिन, 

विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू, एनएचएआई बनाएगी नई सड़क

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले बैतूल-परतवाड़ा मार्ग के कायाकल्प की उम्मीद आखिरकार मजबूत होती दिखाई दे रही है। करीब दो दशक से जर्जर हालत में पड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से क्षेत्र के हजारों यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों, बस संचालकों और व्यापारियों में नई उम्मीद जगी है।

हाल ही में सांझवीर टाईम्स ने इस सड़क की बदहाल स्थिति और आमजन की परेशानियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

एमपीआरडीसी से एनएचएआई को हैंडओवर होगी सड़क

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैठक में तय किया गया कि सड़क निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी जाएगी, जिससे निर्माण कार्य का रास्ता जल्द साफ हो सके। जानकारी के अनुसार, वर्तमान में यह सड़क एमपीआरडीसी के अधीन है, लेकिन इसे एनएचएआई को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

एमपीआरडीसी के बैतूल-हरदा प्रभारी राजकुमार नागले ने बताया कि अगले दो से तीन माह में सड़क का हस्तांतरण पूरा होने की संभावना है। इसके बाद एनएचएआई डीपीआर तैयार कर निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

व्यापार और परिवहन पकड़ेगा पूरी रफ्तार

बैतूल-परतवाड़ा मार्ग मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आवागमन तथा व्यापार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों यात्री बसें, मालवाहक वाहन और निजी वाहन गुजरते हैं। लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था और यात्रियों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा था।

विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल के बाद सड़क निर्माण की उम्मीद जागने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।बताया जा रहा है कि सड़क का निर्माण होने के बाद दोनों प्रदेशो के बीच परिवहन और व्यापार तेज रफ्तार के साथ दौड़ लगाएगा।

बैतूल विधायक की पहल का किया स्वागत

ट्रांसपोर्टर मनोज जोशी, दुर्गाशंकर अग्रवाल (परतवाड़ा), प्रमोद जोशी, दिलीप चढ़ोकार, हर्ष जोशी, नवनीत श्रीवास, पप्पू शिवहरे (सावलमेंढा), संजय मिश्रा (झल्लार), कृष्णा गावंडे (विजयग्राम), केसर लोखंडे (भैंसदेही) सहित अनेक ट्रांसपोर्टरों, बस ऑपरेटरों और नागरिकों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। अब सभी की निगाहें डीपीआर तैयार होने और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने पर टिकी हैं।

इनका कहना….

सड़क निर्माण की डीपीआर तैयार करने के निर्देश विधायक ने दिए हैं। चूंकि यह सड़क एमपीआरडीसी से एनएचएआई को हैंडओवर करने की प्रक्रिया चल रही है। दो तीन माह में सड़क एनएचएआई को हैंडओवर हो जाएगी। सड़क निर्माण भी वहीं करेगा। 

राजकुमार नागले, प्रभारी एमपीआरडीसी, बैतूल -हरदा

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button