Betul Samachar: 304 अवैध कॉलोनियां, एक भी नहीं हुई वैध

कलेक्टर ने एक कॉलोनी वैध करने का दिया था लक्ष्य, 10 निकायों में कार्रवाई कागजों तक सीमित
Betul Samachar: बैतूल। जिले की नगरीय सीमा में वर्षों से विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को कम से कम एक कॉलोनी वैध करने का लक्ष्य दिया था। इसके लिए प्रत्येक निकाय में उपयंत्री को नोडल अधिकारी बनाकर विकास शुल्क वसूली, कॉलोनाइजरों को नोटिस, रहवासियों से संपर्क और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि जिले की 10 में से एक भी नगरीय निकाय अब तक एक भी अवैध कॉलोनी को वैध नहीं कर सका है।
4 जुलाई की प्रगति रिपोर्ट से सामने आया है कि जिले में 304 अवैध कॉलोनियां चिन्हित हैं। इनमें सबसे अधिक मुलताई में 98 और बैतूल में 93 कॉलोनियां हैं। इसके बावजूद अधिकांश निकायों में कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट भेजने तक सीमित दिखाई दे रही है। जिन उपयंत्रियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे हर सप्ताह रिपोर्ट भेजने की औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि वैधीकरण की प्रक्रिया अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है।
बैतूल में सबसे अधिक कॉलोनियां, कार्रवाई भी अधूरी
नगरपालिका बैतूल में 93 अवैध कॉलोनियां चिन्हित हैं। यहां विकास शुल्क 1160.91 रुपए प्रति वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 60 कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए गए हैं और 155 रहवासियों से संपर्क किया गया है, लेकिन एक भी कॉलोनी वैध नहीं हुई और न ही कोई खाली प्लॉट राजसात किया गया है।
मुलताई में सबसे ज्यादा 98 कॉलोनियां, रिपोर्ट ही अधूरी
नगरपालिका मुलताई में जिले की सबसे अधिक 98 अवैध कॉलोनियां हैं, लेकिन अधिकांश कॉलम में जानकारी अप्राप्त दर्ज है। इससे स्पष्ट है कि यहां अभियान की प्रगति बेहद धीमी है। नगरपालिका आमला में 47, चिचोली में 29, आठनेर में 10, सारनी में 7, शाहपुर में 6, बैतूल बाजार और भैंसदेही में 5-5 तथा पाढर में 4 अवैध कॉलोनियां चिन्हित हैं।
आमला में केवल 2 रहवासियों से संपर्क किया गया है। सारनी में 83 रहवासियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। चिचोली में 18 रहवासियों से संपर्क और 5 कॉलोनाइजरों को नोटिस दिए गए हैं। अन्य निकायों में भी विकास शुल्क जमा कराने के लिए नोटिस जारी करने की कार्रवाई ही दर्ज है।
जिले की स्थिति एक नजर में
निकाय अवैध कॉलोनियां
नगरपालिका मुलताई 98
नगरपालिका बैतूल 93
नगरपालिका आमला 47
नगर परिषद चिचोली 29
नगर परिषद आठनेर 10
नगरपालिका सारनी 7
नगर परिषद शाहपुर 6
नगर परिषद बैतूल बाजार 5
नगर परिषद भैंसदेही 5
नगर परिषद घोड़ाडोंगरी 4
कुल 304
कलेक्टर के निर्देश
कलेक्टर ने 22 जून को सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए थे कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक अवैध कॉलोनी को वैध करने की कार्रवाई की जाए। कॉलोनाइजरों से विकास शुल्क जमा कराया जाए, रहवासियों से संपर्क किया जाए, आवश्यकता पड़ने पर खाली प्लॉट राजसात किए जाएं और पूरी प्रक्रिया पूरी होने पर कॉलोनी का वैधीकरण किया जाए।
हालांकि दो सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी किसी निकाय में लक्ष्य के अनुरूप परिणाम सामने नहीं आए हैं। रिपोर्ट बता रही है कि प्रशासन ने अभियान तो शुरू कर दिया है, लेकिन मैदानी अमले की सुस्ती के कारण कार्रवाई नोटिसों और साप्ताहिक रिपोर्टों से आगे नहीं बढ़ पा रही है। यदि यही रफ्तार रही तो जिले की 304 अवैध कॉलोनियों के वैधीकरण में वर्षों लग सकते हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




