Ward Parikrama: जवाहर वार्ड गंज व्यवसायिक होने के बावजूद समस्याओं की चपेट में

इंदिरा कालोनी में नाली, सड़क और सफाई की परेशानी, बसस्टैंड का अभाव
Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 26 जवाहर वार्ड में वर्षों से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, पार्किंग और अधूरे निर्माण कार्यों जैसी समस्याओं के कारण वार्डवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गंज बस स्टेशन की भी स्थिति बदहाल है। बस स्टेण्ड व्यवस्थित नहीं बन पाया।
वार्ड के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में सड़क और नालियों की हालत सबसे अधिक खराब है। नियमित सफाई नहीं होने से नालियां गंदगी से अटी रहती हैं और बरसात के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती। इसके कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।
क्षेत्र में प्रस्तावित पुलिया का निर्माण भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है। वहीं पेयजल संकट भी लगातार बना हुआ है और कई मोहल्लों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
दूसरी ओर गंज का व्यवसायिक क्षेत्र भी कई समस्याओं से जूझ रहा है। यहां सबसे बड़ी समस्या पार्किंग व्यवस्था की है। तांगा चौक से बाबू चौक तक सड़क चौड़ी होने के बावजूद वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग नहीं होने से आए दिन जाम जैसी स्थिति बनती है। नगर पालिका द्वारा कई बार पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी समाधान नहीं निकल पाया है।
व्यवसायिक क्षेत्र की कई गलियों में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। इसके अलावा वर्षों पहले शुरू हुआ मल्टी कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य भी आज तक अधूरा पड़ा है। जिन व्यापारियों ने दुकानों के लिए पहले ही राशि जमा कर दी थी, वे लंबे समय से निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है और समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। वार्ड का प्रतिनिधित्व भाजपा पार्षद विकास प्रधान कर रहे हैं, लेकिन कई वार्डवासियों का आरोप है कि उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया है। रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड के भीतर नाली की समस्या बनी हुई है। नाली नहीं बनने के कारण पानी की निकासी नहीं होती। साफ-सफाई कर्मचारी भी नहीं आते जिसके कारण बारिश का पानी घरों में घूसता है। जहरीले कीड़े भी घर में आ जाते है। वार्ड में कई वर्षो से यह समस्या बनी हुई है। आज तक समाधान नहीं हो पाया।
मंसूर खान, वार्डवासी

वार्ड में नालियों की साफ सफाई नहीं होती है। कई जगह स्ट्रीट लाईट बंद पड़े है। रात के समय अंधेरा छाया रहता है। वार्ड पार्षद से कई बार शिकायतें करते, लेकिन वार्डवासियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में पानी की भी समस्या बनी हुई है।
नीलम बानो, वार्डवासी

व्यवसायिक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या है। आए दिनों जाम लगते रहता है। यहां पार्किंग व्यवस्था सुधरनी चाहिए। सड़क तो बनी लेकिन सड़क के दोनों ओर गाड़ियां खड़ी होने से यातायात बाधित होता है। गंज क्षेत्र में कई छोटी सड़कें है। इन सड़कों का चौड़ीकरण होना चाहिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। बड़ी गाड़ियों का व्यवसायिक क्षेत्र में प्रवेश के लिए समय निश्चित कर इसका कड़ाई से पालन होना चाहिए। शौचालय के लिए भी व्यापारियों को दूर जाना पड़ता है।
टूटू भार्गव, व्यापारी

कांतिशिवा से लेकर मैकेनिक चौक तक सड़क खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। नालियों की साफ-सफाई नहीं होती। ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह से फेल है। ट्रैफिक व्यवस्था भी बदहाल है। गंज बस स्टेण्ड भी व्यवस्थित नहीं बन पाया, जिसके कारण यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिल रही है।
दीपक चौरसिया, व्यवसायी

समस्याओं का करेंगे निराकरण: पार्षद
वार्ड के भीतर तांगा चौक से लेकर बाबू चौक तक सीमेंट की सड़क बनाई है। इसके अलावा इंदिरा कालोनी क्षेत्र में भी सड़कों का निर्माण कार्य किया गया है। गंज व्यवसायिक क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था जल्द सुधारी जाएंगी। इस संबंध में व्यापारियों के साथ बैठक भी हुई है। गंज काम्पलेक्स का काम भी पूरा हो गया है।
कांग्रेस की सरकार के समय काम्पलेक्स निर्माण में बदलाव करने से विलंब हुआ है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। वार्ड के भीतर जितनी भी समस्याएं है उसका निराकरण करूंगा। कुछ बजट की समस्या के कारण भी तेजी से काम नहीं हो पाए।
विकास प्रधान, पार्षद, जवाहर वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




