Betul News: सुरक्षा सख्त, होटल-लॉज से लेकर स्टेशन तक जांच

राष्ट्रपति के आगमन के पहले पुलिस अलर्ट मोड पर

Betul News: बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 18 जून को प्रस्तावित बैतूल दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने शहर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी देवकरण डहरिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने होटल, लॉज, रेस्टोरेंट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच की।

पुलिस ने कोठीबाजार, सदर और अन्य क्षेत्रों के होटल-लॉजों में पहुंचकर ठहरे हुए यात्रियों का सत्यापन किया। इस दौरान आगंतुकों के पहचान पत्र और रजिस्टरों की जांच की गई। संचालकों को निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए तथा सभी मेहमानों का रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

कार्यक्रम स्थल के आसपास भी बढ़ाई निगरानी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में प्रस्तावित है। यहां ब्रह्मकुमारीज संस्थान द्वारा आदिवासी समुदाय के सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों, खाली भवनों और प्रमुख प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता

चेकिंग अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और यात्री प्रतीक्षालयों में भी विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और यात्रा संबंधी जानकारी की पुष्टि की। वहीं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर भी नजर रखी जा रही है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। शहर के सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और आवासीय प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखने के लिए चेकिंग और सत्यापन अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button