Betul Ki Khabar: गांधी चौक की खुदाई का मलबा सड़कों पर फैला

करोड़ों की व्हाइट टॉपिंग सड़क का हो रहा सत्यानाश
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के व्यस्ततम गांधी चौक पर निर्माणाधीन अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजना के दौरान ठेकेदार की लापरवाही अब आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। सीएम इंफ्रास्ट्रक्चर कम्पनी द्वारा करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे इस कार्य में खुदाई से निकलने वाले मलबे का परिवहन बेहद अव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मलबा ले जाते समय बड़ी मात्रा में गिट्टी, मिट्टी और पत्थर मुख्य सड़क पर ही गिर रहे हैं, जिससे हाल ही में बनी करोड़ों रुपये की व्हाइट टॉपिंग सड़क खराब होने लगी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात मलबा अन्य स्थानों पर डंप करने के लिए ले जाया जाता है, लेकिन परिवहन के दौरान सड़क पर फैले मलबे की सफाई नहीं की जाती। रविवार सुबह सैर पर निकले लोगों ने बताया कि कोतवाली थाना से गांधी चौक तक सड़क के बीचों-बीच जगह-जगह मलबा और गिट्टी फैली हुई थी।
इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई बार वाहनों के टायरों से गिट्टी उछलने से हादसे की स्थिति भी बन रही है।गौरतलब है कि इस मार्ग का हाल ही में व्हाइट टॉपिंग तकनीक से निर्माण किया गया है, जिस पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
सड़क की गुणवत्ता और सुंदरता बनाए रखने के लिए नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई भी करते हैं, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। सड़क पर फैली मिट्टी और पत्थरों से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि नई सड़क की सतह को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही मलबा परिवहन करने वाले वाहनों को ढंककर चलाने और सड़क पर गिरे मलबे की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाए। बताया जा रहा है कि मामला नगर पालिका अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद संबंधित ठेकेदार को हिदायत देने की तैयारी की जा रही है।
इनका कहना…..
मेरे संज्ञान में यह मामला आया है ठेकेदार को हिदायत दी जाएगी ताकी सड़क खराब ना हो और आम नागरिकों को भी परेशानी ना हो।
नवनीत पांडेय सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




