Betul News: भीमपुर की वन संपदा को करीब से जानेंगे राज्यपाल

20 मई को पहुंचेंगे, नांदा के रेस्ट हाउस में विश्राम के बाद ग्रामीण संस्कृति से होंगे परिचित
Betul News: बैतूल। प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल दो दिन के जिले के प्रवास पर 20 मई को पहुंच रहे हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 21 मई को राज्यपाल भीमपुर क्षेत्र में आएंगे, लेकिन खबर है कि वे 20 मई को शाम नांदा पहुंचकर यहां के रेस्ट हाउस में विश्राम करेेंगे। नांदा रेस्टहाउस के कायाकल्प को उनके रात्रि विश्राम से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि राज्यपाल दो दिवसीय प्रवास के दौरान आदिवासी अंचल की वन संपदा और संस्कृति को करीब से जानकर आदिवासियों से चर्चा भी करेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर राज्यपाल के आने की तैयारियां शुरू हो गई है। पहले मंगलवार को मुख्य वन संरक्षक समेत वन विभाग के आला अधिकारियों को भीमपुर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। दूसरे दिन कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे टीम के साथ पहुंचे और अधिकारियों से राज्यपाल के प्रस्तावित तैयारियों को लेकर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने राज्यपाल पटेल के आगमन, विभिन्न प्रदर्शनियों के अवलोकन, स्वास्थ्य शिविर निरीक्षण, हितग्राहियों से संवाद, नवाचार गतिविधियों, मंच व्यवस्था तथा अतिथियों के आगमन-निर्गमन सहित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप समयसीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले जनसामान्य के लिए बैठक व्यवस्था, शीतल पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समूचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने हेलीपेड स्थल का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ मनोज हुरमाड़े, एसडीएम अजीत मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इंदिरा महतो, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास गौतम अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग विवेक पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




