Betul News: मुलताई नपा अध्यक्ष नीतू परमार भाजपा में शामिल!

कांग्रेस की राजनीति में हड़कंप, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में ली सदस्यता
Betul News: बैतूल। जिले की राजनीति में बुधवार को नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। कुछ दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद मुलताई नपा अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले कांग्रेस नेत्री नीतू परमार के भाजपा में शामिल होने की खबर है। बीती शाम से सोशल मीडिया पर उनके भाजपा में शामिल होने की खबर आग की तरह फैली। दूसरे दिन बुधवार इस खबर पर उस समय मोहर लग गई, जब सोशल मीडिया पर एक के बाद एक परमार के भाजपा में शामिल होने के संकेत मिलने लगे।
समाचार लिखे जाने दोपहर 3 बजे तक उनके भाजपा में शामिल होने की पुष्टि हो गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली है। इससे कांग्रेस खेमे में हड़कंप मच गया है।

सूत्र बताते हैं कि भाजपा की पूर्व नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर की कुर्सी जाने के बाद मुलताई भाजपा का एक खेमा कांग्रेसी नपा अध्यक्ष नीतू प्रहलाद परमार को भाजपा में शामिल कराने के प्रयास में जुटा हुआ था। हालांकि यह पूरा मामला केवल चर्चाओं पर आधारित था, लेकिन मंगलवार से मुलताई की राजनीति में कांग्रेसी नपा अध्यक्ष नीतू परमार के भाजपा ज्वाइन करने की खबर ने कांग्रेस की राजनीति में भूचाल ला दिया।
जानकार सूत्र बताते हैं कि नीतू परमार को नपा अध्यक्ष की कुर्सी दिलाने के लिए पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसियों ने मोर्चा संभालते हुए हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक याचिका लगाई। कांग्रेसयिों ने इसे व्यक्तिगत प्रतिष्ठा बताकर पिछले ही दिनों सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जश्र मनाया था। सूत्रों के अनुसार नपा अध्यक्ष परमार ने अपने पति के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ले ली है।
हेमंत की बैतूल में मौजूदगी से संभावना अधिक बढ़ी
सूत्र बताते हैं कि मुलताई से लेकर कांग्रेसी नपा अध्यक्ष नीतू परमार के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच दोनों ही पार्टियों के नेता एक दूसरे से सपंर्क में लगे हैं। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में कुंबी समाज के सामूहिक विवाह में शामिल होने भोपाल से बैतूल आए हैं। उनके बैतूल आगमन और नपा अध्यक्ष नीतू परमार का लगातार मोबाइल स्विच ऑफ होना भी शंकाओं को जन्म दे रहा था।
सूत्र बताते हैं कि सामूहिक विवाह के बाद भाजपा कार्यालय में मुलताई नपा अध्यक्ष और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भाजपा की सदस्यता लेने की जानकारी दोपहर तक सामने आ रही है। इसी बीच एक वायरल फोटो में स्थिति स्पष्ट हो गई कि मुलताई नपा अध्यक्ष ने अपने पति के साथ भाजपा की सदस्यता ले ली है। इस खबर के बाद कांग्रेस की राजनीति में हड़कंप मच गया है। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे की करीबी होने के कारण नपा अध्यक्ष के भाजपा में शामिल होने के कारण उन्हें भी करारा झटका लगा है। नपा अध्यक्ष नीतू परमार को उनके मोबाइल पर कई बार काल किया, लेकिन स्विच ऑफ होने के कारण चर्चा नहीं हो सकी।
अब दो निकायों में सिमटी कांग्रेस
पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के गढ़ में भाजपा की सेंधमारी के बाद जिले के दस निकायों में से कांग्रेस अब महज दो पर सिमट कर रह गई है। वर्तमान में आमला नगरपालिका और घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में ही कांग्रेस की परिषद बची है। शेष आठ जगह भाजपा का परचम लहरा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूरे जिले में कांग्रेस को मजबूत करने का दावा कर रहे हैे लेकिन उनकी ही पार्टी की मुलताई नपा अध्यक्ष की भाजपा में शामिल होने से कही न कही पार्टी में मनमुटाव से इंकार नहीं किया जा सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




