Betul News: कलेक्टर साहब, एक नजर मंडी की व्यवस्थाओं पर भी करें इनायत

किसानों को आपसे लगी है बहुत सारी उम्मीदें
Betul News: बैतूल। जिले में नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के लगातार मैदानी दौरे और ताबड़तोड़ कार्रवाई से आम लोगों में उम्मीद जगी है। विभिन्न विभागों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने की उनकी कार्यशैली की चर्चा पूरे जिले में हो रही है। अब जिले के किसानों को उम्मीद है कि कलेक्टर कृषि उपज मंडी की बदहाल व्यवस्थाओं की ओर भी ध्यान देंगे।
किसानों का कहना है कि अब तक कलेक्टर ने जिले के कई क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य, शिक्षा और राजस्व विभाग की व्यवस्थाओं को परखा है, लेकिन कृषि उपज मंडी तक उनकी नजर अभी नहीं पहुंची है। जबकि मंडी में वर्षों से अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है और किसान लगातार परेशान हो रहे हैं।
मंडी पहुंचने वाले किसानों की सबसे बड़ी शिकायत तौल व्यवस्था को लेकर है। किसानों का आरोप है कि हम्माल तौल और माल उतारने के नाम पर भारी-भरकम राशि वसूलते हैं। इसके अलावा मंडी परिसर में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसानों को अपनी उपज रखने के लिए जगह तक नहीं मिलती। कई बार शेड के भीतर व्यापारियों के बोरे रखे होने के कारण किसानों को खुले में उपज डालनी पड़ती है।
इन परेशानियों से जुझ रहें किसान
किसानों ने यह भी बताया कि मंडी में समय पर भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं जरा सी देरी होने पर किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को मंडी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाता, जिससे उन्हें घंटों बाहर इंतजार करना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि मंडी की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए पहले भी कई प्रयास किए जा चुके हैं।
प्रभारी मंत्री, पूर्व कलेक्टर और जनप्रतिनिधि कई बार मंडी का दौरा कर चुके हैं और अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं। किसानों का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई स्थायी सुधार दिखाई नहीं देता।
उम्मीदों पर टिके धरतीपुत्र
अब किसानों की निगाहें नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे पर टिकी हुई हैं। किसानों को विश्वास है कि जिस तरह उन्होंने अन्य विभागों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है, उसी तरह मंडी की समस्याओं पर भी कार्रवाई करेंगे। किसानों का कहना है कि मंडी केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत और आजीविका का आधार है। यदि यहां की व्यवस्थाएं सुधरती हैं तो हजारों किसानों को राहत मिल सकती है। किसानों ने कलेक्टर से मंडी का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत देखने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




