Betul News: सर्वर की धीमी रफ्तार ने बढ़ाई किसानों की मुसीबत, स्लाट बुकिंग में दिक्कत

ढाई हेक्टेयर से अधिक रकबे वाले किसानों उपज बेचने करना होगा इंतजार
Betul News: बैतूल। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया जिले में शुरू हो चुकी है, लेकिन शुरुआती चरण में ही व्यवस्थाएं किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। शासन के निर्देशानुसार फिलहाल केवल ढाई हेक्टेयर तक भूमि वाले छोटे किसानों से ही उपज खरीदी की जा रही है, जबकि इससे अधिक रकबे वाले किसानों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
जिले में अब तक करीब 566 किसानों से लगभग 18 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार यह शुरुआत चरणबद्ध तरीके से की जा रही है, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। हालांकि बड़े किसानों को स्लॉट बुकिंग की अनुमति फिलहाल नहीं मिलने से उनमें असंतोष की स्थिति बन रही है।
डिजिटल व्यवस्था में बार-बार आ रही तकनीकी खराबी ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सर्वर डाउन होने की समस्या के चलते कई किसान समय पर स्लॉट बुक नहीं कर पा रहे हैं। परिणाम स्वरूप उन्हें समितियों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कई किसानों ने बताया कि वे सुबह से लेकर देर शाम तक प्रयास करते हैं, फिर भी स्लॉट कन्फर्म नहीं हो पाता। जिले में गेहूं खरीदी के लिए कुल 64 केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन अभी तक केवल 15 से 16 केंद्रों पर ही खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो पाई है। बाकी केंद्रों पर व्यवस्थाएं पूरी होने के बावजूद खरीदी शुरू नहीं हो सकी है, जिससे वहां सन्नाटा पसरा हुआ है।
बड़े किसान मंडी में उपज बेचने के लिए मजबूर
जिले में अब तक 18 हजार से अधिक किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, लेकिन केवल करीब ढाई हजार किसान ही स्लॉट बुक कर पाए हैं। इससे स्पष्ट है कि अधिकांश किसान अभी भी प्रक्रिया में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं। कई किसानों का कहना है कि उन्हें आर्थिक जरूरतों के चलते मंडी में कम दामों पर अपनी उपज बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उनका आरोप है कि यदि व्यवस्था समय पर सुचारू हो जाए तो उन्हें समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सकता है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही तकनीकी व्यवस्था सामान्य होगी और चरणबद्ध प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, बड़े किसानों की स्लॉट बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल किसानों को धैर्य रखने की अपील की गई है।
इनका कहना…
कई बार सर्वर डाउन के कारण परेशानी होती है, लेकिन अभी कोई दिक्कत नहीं है। शासन के निर्देशानुसार अभी ढाई हेक्टेयर रकबे वाले किसानों से ही उपज की खरीदी की जा रही है।
विख्यात हिडोंलिया, डीएम, नागरिक आपूर्ति निगम बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




