Betul News: मेगा ट्रेड फेयर में जीएसटी की रेड

बिना बिल के सामान मिलने की शिकायत पर पहुंची टीम, प्रतिवेदन के बाद होगी कार्रवाई
Betul News: बैतूल। न्यू बैतूल स्कूल मैदान पर लगे मेगा ट्रेड फेयर मेले में बिना बिल के सामान बेचने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले में कुछ शिकायतकर्ताओं ने वाणिज्य कर विभाग में लिखित शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार को तीन सदस्यीय जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर वास्तविकता जानी। इस दौरान जांच टीम को शिकायत सही पाई गई। टीम ने शिकायतकर्ता की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को जानकारी भेज दी है। बताया जा रहा है कि अधिकारी तय करेंगे कि बिना बिल के सामग्री बेचने पर कितना जुर्माना लगाया जाएगा।
दिपावली सेल के नाम से पिछले एक माह में न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड मैदान पर मेगा ट्रेड फेयर लोगों की लूट का मेला बन गया। दरअसल यहां सामग्री बेचने वाले जिले के बाहर से भी आए जो लोगों को सब्जबाग दिखाकर बाजार रेट से कम दामों पर सामग्री बेचने का दावा कर रहे हैं, लेकिन सामग्री की क्या गुणवत्ता है, इस संबंध में उपयोग करने के बाद ही पता चलेगा। यही वजह है कि कुछ जागरूक उपभोक्ताओं ने सामग्री खरीदने के बाद दुकानदारों से बिल की मांग की तो बिल देने से इंकार कर दिया। इसके बाद यह मामला वाणिज्य कर विभाग में शिकायत तक पहुंच गया है।
मेला प्रबंधक का दावा झूठा
मेले में सामग्री की शिकायत और बिल न देने पर मेला प्रबंधक शर्मा के संज्ञान में यह मामला लाया गया तो उन्होंने पहले तो कहा कि छोटी सामग्री का बिल नहीं मिलता, लेकिन यदि कोई ग्राहक बिल मांग रहा है तो दुकानदारों को देना चाहिए। इस संबंध में दुकानदारों से चर्चा करेंगे। हालांकि वे संबंधित ग्राहकों द्वारा बनाए वीडियो मांग रहे थे, लेकिन मेले के अंदर की व्यवस्था में सुधार नहीं किया। यही वजह है कि लोगों को अभी भी बिना बिल के सामग्री देकर जीएसटी चोरी धड़ल्ले से जारी है।
शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंची टीम
इस मामले में कुछ शिकायतकर्ताओं ने सामग्री लेने के बाद गुणवत्ता को देखते हुए बिल की मांग की थी, लेकिन नहीं देने के बाद वाणिज्यकर विभाग में शिकायत की थी। सहायक वाणिज्य कर अधिकारी के अवकाश पर जाने के बाद वाणिज्य कर अधिकारी ने बुधवार को सहायक वाणिज्य कर अधिकारी आकांक्षा सिंह, वाणिज्य इंस्पेक्टर अर्चना प्रधान और रोहित जेरीवाला को मेले में भेजा। शिकायतकर्ताओं की शिकायत के बाद न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड पर लगे मेला के प्रबंधक से बात कर पंचनाम बनाया। वाणिज्य कर इंस्पेक्टर जेरीवाला ने बताया कि शिकायतकर्ताओं को भी बयान लेने के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मापदंड के अनुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। बिना भेदभाव के कार्रवाई होगी।




