Betul Jal Sankat: ताप्ती बैराज क्षेत्र में घंटों कटौती से शहर की पेयजल सप्लाई लड़खड़ाई

कई वार्डों में तीन दिनों से नहीं आए नल, नपा ने विद्युत कंपनी के अधिकारियों से की चर्चा
Betul Jal Sankat: बैतूल। शहर में ताप्ती बैराज से आने वाली सप्लाई पिछले तीन दिनों से पूरी तरह से बाधित है। इसके पीछे बैराज क्षेत्र के आसपास बेजा कटौती को जिम्मेदार माना जा रहा है। पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाने के बाद शहर के एक दर्जन से अधिक वार्डों में तीन दिनों से नलों में पानी नहीं आने की जानकारी सामने आई है, लेकिन नगरपालिका इस बात से इंकार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली कटौती से टंकियां भरने में विलंब हो रहा है, इसलिए कुछ घंटे ही प्रभावित हो रही है। इसके विपरित कई वार्डों में नल में पानी नहीं आने से गर्मी में पानी के लिए हायतौबा मची है।
जानकारी के अनुसार खेड़ी स्थित ताप्ती बैराज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से 4 से 6 घंटे तक बिजली की कटौती की जा रही है। यही कटौती बैतूल शहर में पेयजल सप्लाई के लिए बड़ी बाधा बन गई है। बताया जाता है कि शहर में पानी सप्लाई के लिए कुल 9 टंकियां बारी-बारी से भरने के बाद अलग-अलग वार्डों में जल सप्लाई किया जाता है।
ताप्ती बैराज से आने वाले इस पानी को फिलहाल नगरपालिका एक दिन के अंतराल में ही लोगों को उपलब्ध करा रही है। हालांकि परिस्थितियां बदलने के बाद संभावना दिखाई दे रही है कि कुछ दिनों में पेयजल सप्लाई दो दिनों के अंतराल में की जा सकती है।
इस बीच बैराज क्षेत्र में बिजली कटौती से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाने की जानकारी सामने आई है। बताया जाता है कि विद्युत कंपनी द्वारा क्षेत्र में मेंटेनेस का काम किया जा रहा है। इसी वजह कुछ दिनों से कटौती करना मजबूरी बन गया है। बैराज में लगी दो मोटरों पानी सप्लाई व्यवस्थित नहीं हो पा रहा है।
जनरेटर न होने से बड़ी समस्या
जिस तरह विद्युत कंपनी द्वारा वर्षा ऋतु के पूर्व पूरे जिले में मेंटेनेस का काम किया जा रहा है, इसके साइड इफैक्ट सामने आ रहे हैं। ताप्ती बैराज बैतूल शहर की पानी सप्लाई का मुख्य आधार है। बिजली कटौती के कारण बैतूल शहर के हजारों लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नपा के पास फिलहाल दो मोटर मौजूद है।
नए सीएमओ नवनीत पांडे ने एक अतिरिक्त मोटर बुलवाकर रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि बिजली जाने पर मोटर शुरू होना संभव नहीं है। यही वजह है कि एक अदद जनरेटर की जरूरत लंबे समय से बैराज पर महसूस की जा रही है। यदि जनरेटर लगा दिया जाए तो बिजली कटौती होने पर शहर की पेयजल सप्लाई बाधित नहीं होगी।
माचना डैम में महज चार फीट पानी शेष
चौकाने वाली बात यह सामने आई है कि विवेकानंद वार्ड स्थित माचना डैम में महज चार फीट पानी शेष रह गया है। नगरपालिका ने बीते वर्ष पानी स्टोरेज करने के उद्देश्य से डैम का गहरीकरण भी किया था, लेकिन यह तकनीकी ज्यादा काम नहीं आ सकी। हालांकि तर्क यह दिया जा रहा है कि डैम गहरा नहीं किया जाता तो यहां अप्रैल माह में बूंद भर पानी शेष नहीं होता।
हालांकि माचना डैम में पानी सप्लाई के दो अन्य स्त्रोत लाखापुर और गंगूडोह डैम का विकल्प खत्म हो गया है, इसलिए ताप्ती बैराज से आने वाली सप्लाई को माचना डैम से फिलहाल सपोर्ट मिल रहा है, लेकिन डैम में पानी खत्म होने के बाद स्थिति बिगड़ सकती है। इसके लिए नपा पूर्व की तरह आसपास के किसानों के बोर से डैम में पानी छोड़ने के लिए विचार कर रही है।
इनका कहना….
बैराज क्षेत्र में मेंटेंनेस के लिए कटौती करने से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाई है। कुछ इस संबंध में विद्युत कंपनी के कर्मचारियों से चर्चा हुई है। शाम तक व्यवस्था ठीक होते ही टंकियां नियमित रूप से सुचारू हो जाएगी।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




