Betul News: बैतूल में जीरो टॉलरेंस की नीति पर होगा काम

कलेक्टर ने पहली पत्रकारवार्ता में कहा- 20 वर्ष आगे की सोच से होगा विकास, लापरवाही पर सीधे एक्शन
Betul News: बैतूल। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में अब बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्पष्ट कर दिया है कि बैतूल में कामकाज जीरो टॉलरेंस की नीति पर होगा। यानी भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितता के लिए अब कोई जगह नहीं होगी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित पहली पत्रकारवार्ता में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हर विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर सीधे सख्त कार्रवाई होगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले का विकास अब सिर्फ तात्कालिक जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं किया जाएगा, बल्कि 10 से 20 वर्षों की दीर्घकालिक प्लानिंग के आधार पर योजनाएं बनाई जाएंगी। उनका फोकस ऐसे कार्यों पर रहेगा, जिनका लाभ आने वाली पीढय़िों को भी मिल सके और जिले का संतुलित व स्थायी विकास हो।
गुड गवर्नेंस पर जोर: हर पात्र को मिलेगा योजना का लाभ
कलेक्टर सोनवणे ने प्रशासनिक सुधार को लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि गुड गवर्नेंस उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी विभाग में वित्तीय अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है, तो उसकी गंभीरता से जांच होगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। काम में पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य होगी।
गांव-तहसील स्तर पर होगा समाधान
ग्रामीणों की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल राजस्व मामलों के समाधान को लेकर भी कलेक्टर ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा जैसे प्रकरण अब ग्राम पंचायत और तहसील स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएंगे। इससे लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व पैसे दोनों की बचत होगी। इसके लिए तहसील स्तर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं और मॉनिटरिंग भी सख्ती से की जाएगी।
लंबित शिकायतों पर फोकस, तय होगी जवाबदेही
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इनका जल्द निराकरण प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को समय सीमा में हल किया जाए और केवल औपचारिक जवाब देकर मामले बंद न किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का वास्तविक समाधान ही प्रशासन की विश्वसनीयता को मजबूत करता है।
ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कलेक्टर ने चिंता जताई और कहा कि प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी को दूर किया जाएगा। उनका फोकस इस बात पर रहेगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और उन्हें जिला अस्पताल या बाहर जाने की जरूरत कम पड़े। इसके लिए आवश्यक संसाधनों और मानवबल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जनसहभागिता से विकास को मिलेगी रफ्तार
कलेक्टर सोनवणे ने कहा कि किसी भी जिले का विकास केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, इसमें जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी विभागों के समन्वय और जनसहभागिता से बैतूल को विकास की नई दिशा दी जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके गृह नगर जलगांव से ताप्ती नदी गुजरती है और अब उन्हें उसी नदी के उद्गम स्थल वाले जिले में काम करने का अवसर मिला है, जो उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस भावनात्मक जुड़ाव के साथ वे बैतूल के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे और जिले को एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेंगे।
पेयजल संकट पर सबसे बड़ा फोकस, खुद करेंगे ग्राउंड मॉनिटरिंग
प्रेस वार्ता में कलेक्टर ने साफ किया कि बैतूल की सबसे बड़ी समस्या पेयजल है और इसे प्राथमिकता में रखा गया है। पदभार संभालते ही उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के साथ बैठक कर मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा की। अब वे स्वयं मैदानी स्तर पर जाकर जल स्रोतों, सप्लाई सिस्टम और वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। इसके आधार पर एक व्यापक और टिकाऊ कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए भोपाल की तकनीकी अर्बन टीम की मदद ली जाएगी, ताकि आधुनिक तकनीक के जरिए जल प्रबंधन को मजबूत किया जा सके और भविष्य में जल संकट की स्थिति न बने।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




