Betul Samachar: अभिनंदन सरोवर के पीछे पीपीपी मोड पर बनेगी 212 दुकानें

नपा ने शासन को भेजी डीपीआर, स्टेडियम और गुमठी व्यवस्था विस्थापन का सीएमओ ने किया निरीक्षण
Betul Samachar: बैतूल। शहर में विकास कार्यों की गति को आगे बढ़ाते हुए सीएमओ नवनीत पांडेय ने शुक्रवार सुबह उत्कृष्ट स्कूल के पीछे प्रस्तावित स्टेडियम अभिनंदन सरोवर के पीछे व्यवसायिक काप्लेक्स और गुमठी व्यवस्थापन को लेकर मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन कार्यों के लिए टेंडर हो चुके हैं, उसके लिए कार्यादेश जारी किए जाए। ठेकेदार को भी समय पर काम शुरू करने की हिदायत दी है। विधायक हेमंत खंडेलवाल के ड्रीम प्रोजेक्ट वाले इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय के पूर्व शुरू करने की रणनीति भी बनाई है।

सीएमओ पांडेय ने सबसे पहले उत्कृष्ट स्कूल के पीछे प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए निरीक्षण किया। विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर स्टेडियम के लिए पांच करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। उक्त कार्य के लिए टेंडर होने की जानकारी भी सामने आई है। आगामी एक सप्ताह में संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी करने के निर्देश भी सीएमओ ने दिए।

इसके बाद काम की गति को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सीएमओ पांडेय ने बताया कि अभिनंदन सरोवर के पीछे गुमठी विस्थापन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान समस्या सामने आई कि सभी दुकानदार पिछले कई दिनों से बिजली की समस्या से परेशान थे। उन्हें कनेक्शन नहीं दिए जाने के कारण व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहे थे। इसे सीएमओ ने गंभीरता से लेते हुए दस दिनों में विद्युत कंपनी के साथ तालमेल कर विद्युत प्रभारी और सहायक यंत्री नीरज धुर्वे को निर्देश दिए। बारिश के पूर्व उक्त स्थान पर गुमठीधारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सब इंजीनियर नगेंद्र वागद्रे को कहा है।
कांप्लेक्स निर्माण की बड़ी सौगात
सीएमओ पांडेय ने बताया कि अभिनंदन सरोवर के पीछे पीपीपी मोड पर 212 दुकानों का बहुमंजिला कांप्लेक्स प्रस्तावित है। इसके लिए स्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट विधायक हेमंत खंडेलवाल की प्राथमिकता वाला है। यहां 8 करोड़ की लागत से 212 दुकानें प्रस्तावित की है। इसकी डीपीआर राज्य शासन को भेज दी गई है। शासन स्तर पर स्वीकृति मिलते ही इसके लिए टेंडर निकालकर काम शुरू करवाया जाएगा। कांप्लेक्स के लिए ड्राइंग डिजाइन भी शीघ्र बुलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह कांप्लेक्स बनने के बाद नपा को राजस्व का खासा लाभ होगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




