Betul Samachar: हेमंत की पहल से चमकेगा कुकरू खामला, ‘मिनी कुल्लू-मनाली’ के रूप में होगी पहचान, सीएम मोहन यादव करेंगे दौरा

Betul Samachar: भैंसदेही, सांझवीर टाईम्स (शंकर राय)। सतपुड़ा की रानी के नाम से प्रसिद्ध बैतूल जिला अब अपने प्राकृतिक सौंदर्य के दम पर देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 85 किलोमीटर दूर स्थित कुकरू खामला, अपनी मनमोहक वादियों, हरियाली और शीतल वातावरण के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा है। अब इसे ‘मिनी कुल्लू-मनाली’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो चुकी है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के पीछे बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सक्रिय भूमिका और दूरदर्शी सोच अहम मानी जा रही है।

हेमन्त की पहल की सोच की सीएम ने भी की सराहना

हाल ही में पत्रकारों से चर्चा के दौरान श्री खण्डेलवाल ने बताया कि कुकरू खामला को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विस्तृत चर्चा हो चुकी है।

खंडेलवाल के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। हेमन्त की पहल की सराहना करते हुए, मुख्यमंत्री स्वयं भी कुकरू खामला का दौरा करने के लिए सहमत हुए हैं, जिससे इस परियोजना को और गति मिलने की संभावना है। उनके दौरे से न केवल प्रशासनिक सक्रियता बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को भी नई दिशा मिलेगी।

ऊंची पहाडिय़ा, पवन चक्कियां, और काफी बागान होंगे आकर्षण

कुकरू खामला की विशेषताओं की बात करें तो यहां लगभग 44 हेक्टेयर में फैला विशाल कॉफी बागान, हरियाली से ढकी पहाडय़िां और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त हैं। इसके अलावा ऊंची पहाडय़िों पर स्थापित पवन चक्कियां इस स्थल की सुंदरता में विशेष आकर्षण जोड़ती हैं। शांत वातावरण और स्वच्छ हवा इसे एक आदर्श पर्यटन स्थल बनाते हैं।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से कुकरू खामला की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनेगी। साथ ही, यहां पर्यटन से जुड़े रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कुल मिलाकर, हेमंत खंडेलवाल के प्रयास और मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल से बैतूल जिले का यह अनछुआ प्राकृतिक क्षेत्र अब विकास की नई राह पर है। आने वाले समय में कुकरू खामला प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button