Betul News: पानी का हाहाकार: कई वार्डों में सप्लाई ठप, मजबूरी में खरीद रहे महंगा पानी

Betul News: Water crisis: Water supply stopped in many wards, people are forced to buy expensive water

सफाईकर्मियों ने जताया विरोध, नहाने तक को नहीं मिल रहा पानी

Betul News: बैतूल। शहर में भीषण जल संकट ने आम नागरिकों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। करोड़ों रुपए की योजनाओं और प्रोजेक्ट्स के बावजूद बैतूल शहर के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। हालात यह हैं कि नागरिकों को पीने तक का पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। निस्तारी तो दूर, स्नान और स्वच्छता भी चुनौती बन गई है। मंगलवार को हालात यह निर्मित हो गए की 3-4 दिन के अंतराल में जिन वार्डों में नल आना था, लोग इंतजार करते थक गए। बैराज की मोटर जलने से सप्लाई अभी भी प्रभावित है। इसलिए शहर की 9 से अधिक टंकियां भराई नहीं है। यही वजह है कि शहर के डेढ़ दर्जन वार्डों में मंगलवार को भी कृत्रिम जलसंकट गहराया हुआ है। खुद नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर के वार्ड में भी लोग पानी को तरस गए हैं।

पानी की गंभीर किल्लत से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी खासे प्रभावित हैं। बीते पांच दिनों से कई वार्डों में पानी की सप्लाई न होने के कारण सफाईकर्मियों ने शनिवार सुबह काम बंद कर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना था कि लगातार गंदगी के बीच काम करने के बाद स्नान न कर पाने की वजह से त्वचा संबंधी बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। कोतवाली थाने के सामने यार्ड में हंगामे की स्थिति बन गई, हालांकि मौके पर पहुंचे नगर पालिका अधिकारियों ने समझाइश देकर कर्मचारियों को शांत कराया, जिसके बाद वे काम पर लौटे।

टैंकरों के दामों में उछाल, जनता की जेब पर बोझ

ताप्ती बैराज की मोटरों के बार-बार खराब होने की वजह से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। लाखापुर डेम से लाए जाने वाले पानी की पाइपलाइन परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। परिणामस्वरूप आम नागरिकों को निजी टैंकरों के सहारे रहना पड़ रहा है। पानी की मांग बढ़ते ही टैंकर संचालकों ने कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है। वर्तमान में टैंकर की कीमत 450 से 500 रुपये तक पहुंच चुकी है, जिसे खरीदना गरीब तबके के लिए भारी पड़ रहा है।कई परिवार सामूहिक रूप से पैसे जुटाकर टैंकर मंगाने को मजबूर हैं। वहीं, कुछ समाजसेवी अपने निजी संसाधनों से लोगों को नि:शुल्क पानी उपलब्ध करा रहे हैं। जनता इस संकट के लिए सीधे तौर पर नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहरा रही है। स्थिति की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद नगर पालिका अध्यक्ष के चंद्रशेखर वार्ड में भी लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं।

जल्द हल न निकला तो बिगड़ सकते हैं हालात

शहर का एनीकट पूरी तरह सूख चुका है और ताप्ती बैराज की मोटरें भी जवाब दे चुकी हैं। सफाईकर्मियों का कहना है कि वे दिन-रात शहर की स्वच्छता व्यवस्था संभालते हैं और इसके बाद स्वच्छता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी होता है। लगातार गंदगी के संपर्क में रहने से शरीर पर खुजली और बदबू जैसी समस्याएं निर्मित हो रही हैं। नगर पालिका अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वैकल्पिक जल आपूर्ति व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही स्थाई समाधान भी निकालने का प्रयास किया जाएगा।

हालांकि, यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं हुआ, तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं। फिलहाल दो दिन के अंतराल में शहर में सप्लाई का दावा नपा कर रही है, लेकिन जिस तरह के हालात निर्मित हो रहे हैं, उससे यह अंदाजा लगाया जाना मुश्किल है कि कुछ दिनों बाद लोगों को चार दिनों के अंतराल में भी पानी की सप्लाई हो सकती है। दरअसल बारिश की खेंच लंबी खींची तो लोगों को निजी और नपा द्वारा टैंकरों से ही पानी की सप्लाई हो पाएगी।

इनका कहना…

इस समय हालात थोड़े से विपरित है। बैराज की मोटर बार-बार जलने से पेयजल व्यवस्था बाधित हो रही है। दो दिन के अंतराल में लोगों को पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिन वार्डों में समय पर पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां टैंकरों से सप्लाई करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के लोग से इस समय सहयोग की अपील की जा रही है।

सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल

सफाई कर्मियों की समस्या को वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में सुलझा लिया गया है। पार्षद वरुण धोटे ने तत्काल इस सम्बंध में अध्यक्ष से चर्चा की है। आश्वासन के बाद सफाई कर्मी काम पर लौट गए हैं।

संतोष धनेलिया, स्वास्थ्य निरीक्षक नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button