Betul News: टारगेट से आगे दौड़ी बिजली कम्पनी, 50 करोड़ पार पहुंची वसूली

बैतूल बना अव्वल: बिजली कंपनी की रिकॉर्ड वसूली, सरकारी विभाग फिर भी बकायादार

Betul News: बैतूल। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वसूली के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। जिले में बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली करते हुए कम्पनी ने न सिर्फ निर्धारित लक्ष्य हासिल किया, बल्कि उससे काफी अधिक राशि वसूल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कम्पनी को कुल 37.66 करोड़ की वसूली का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले 31 मार्च की मध्यरात्रि तक 50.19 करोड़ की वसूली कर ली गई। यह लक्ष्य का लगभग 110 प्रतिशत है, जिसे विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कम्पनी के एसई बीएस बघेल के अनुसार उच्च अधिकारियों द्वारा तय लक्ष्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई थी। लगातार बैठकें लेकर टीम को सक्रिय किया गया और बकायादारों पर फोकस बढ़ाया गया। घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं से की गई सख्त वसूली और नियमित मॉनिटरिंग के कारण यह उपलब्धि हासिल हो सकी। विभागीय अमले की मेहनत और सुनियोजित कार्ययोजना को इस सफलता का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

सभी संभागों का रहा बेहतर प्रदर्शन

जिले के विभिन्न संभागों ने वसूली अभियान में उत्कृष्ट योगदान दिया। हर स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर काम किया, जिसके चलते तय लक्ष्य को पार करना संभव हुआ। एसई बघेल ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को देते कहा कि टीमवर्क और अनुशासन के बिना यह संभव नहीं था।

सरकारी विभाग बने बड़ी बाधा

हालांकि कम्पनी का कहना है कि वसूली का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता था, यदि सरकारी विभागों के बकाया बिल समय पर जमा हो जाते। जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायतें और नल-जल योजना से जुड़े विभागों पर करोड़ों का बकाया है। इन विभागों से वसूली न हो पाने के पीछे बजट की कमी को प्रमुख कारण बताया गया है। बिजली कम्पनी के अनुसार विभिन्न सरकारी विभागों पर कुल 8 से 21 करोड़ रुपये तक की राशि बकाया है।

यदि यह राशि वसूल हो जाती, तो कुल वसूली का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता था। कम्पनी ने संकेत दिए हैं कि इन बकाया राशियों की वसूली के लिए जल्द ही विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि आगामी वित्तीय वर्ष में और बेहतर परिणाम सामने आ सकें। रिकॉर्ड वसूली के बाद अब कम्पनी का फोकस शेष बकायादारों, खासकर सरकारी विभागों पर रहेगा। आने वाले समय में वसूली अभियान को और तेज करने की तैयारी है, जिससे राजस्व में और वृद्धि हो सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button