Betul News: अनसोल्ड 8 शराब- भांग दुकानों पर शासन का फैसला बाकी

53 दुकानों का ठेका होने के बाद फर्म को की हैंडओवर
Betul News: बैतूल। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में आबकारी विभाग की नीलामी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन 8 शराब दुकानों और एकमात्र भांग दुकान का मामला अब भी अधर में है। इन लंबित प्रकरणों पर अंतिम निर्णय अब शासन स्तर पर लिया जाएगा। जिले की 61 शराब दुकानों में से 53 दुकानों की नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है और इनमें से अधिकांश दुकानों का नए ठेकेदारों को हैंडओवर भी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिन 8 शराब दुकानों की नीलामी फाइनल नहीं हो सकी है, वे राजस्व की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इनमें बैतूल गंज समूह की 2, बैतूल बाजार समूह की 2, भैंसदेही की 2 तथा सारणी-बगडोना क्षेत्र की 1-1 दुकान शामिल है। इन दुकानों के लिए टेंडर तो प्राप्त हुए हैं, लेकिन अंतिम स्वीकृति के लिए इन्हें शासन स्तर पर गठित समिति के पास भेजा गया है। समिति द्वारा ही इन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार ने बताया कि आरक्षित मूल्य अधिक होने के कारण ठेकेदारों ने इन दुकानों में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई, जिससे नीलामी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब शासन स्तर से मार्गदर्शन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। संभावना जताई जा रही है कि एक-दो दिन में इन दुकानों पर भी निर्णय हो सकता है। वहीं, जिले की एकमात्र भांग दुकान की नीलामी भी अधर में लटकी हुई है।
इस दुकान के लिए केवल एक टेंडर प्राप्त हुआ, जो आरक्षित मूल्य 7 लाख 46 हजार 554 रुपये से लगभग 26 प्रतिशत कम था। ऐसे में विभाग ने इस प्रस्ताव को भी शासन के पास भेज दिया है। शासन से मिले निर्देशों के आधार पर ही भांग दुकान का निपटारा किया जाएगा। उधर, जिन 53 शराब दुकानों की नीलामी पूरी हो चुकी है, उनमें से कुछ दुकानों पर पूर्व के ठेकेदारों ने ही कब्जा बरकरार रखा है, जबकि शेष दुकानों का संचालन नए ठेकेदारों ने संभाल लिया है। आबकारी विभाग का कहना है कि शेष दुकानों के निपटारे के बाद जिले में नई आबकारी नीति पूरी तरह लागू हो जाएगी।



